N1Live National फरीदाबाद : पुलिस ने किया अपराधी संदीप उर्फ चेंटा को गिरफ्तार, लूट, डकैती और हत्या के प्रयास का आरोप
National

फरीदाबाद : पुलिस ने किया अपराधी संदीप उर्फ चेंटा को गिरफ्तार, लूट, डकैती और हत्या के प्रयास का आरोप

Faridabad: Police arrested criminal Sandeep alias Chenta, accused of robbery, dacoity and attempt to murder.

फरीदाबाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख जारी रखते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने 21-22 मई की रात मुठभेड़ के बाद आरोपी संदीप उर्फ चेंटा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गांव मच्छगर का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी संदीप किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। जब पुलिस टीम ने उसे घेरा, तो आरोपी ने पुलिस पर तीन गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। यह घटना थाना छांयसा क्षेत्र के अंतर्गत चांदपुर-अटाली रोड पर गांव फज्जूपुर के पास हुई।

आरोपी संदीप 20 मई की सुबह सेक्टर-12 कोर्ट मोड़ स्थित चंदिला फूड होटल में एक कर्मचारी पर पिस्टल तानकर हत्या के प्रयास की वारदात को अंजाम दे चुका था। इस मामले में वह वांछित था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और एक पिस्टल बरामद की है। आरोपी के पास से अन्य सामग्री भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।

संदीप उर्फ चेंटा पर पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराधों में संलिप्त रहा है। पुलिस उसे लंबे समय से विभिन्न मामलों में तलाश रही थी। उसकी गिरफ्तारी से अपराधियों में खलबली मच गई है। अपराध शाखा की टीम ने रात के अंधेरे में सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इलाज के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसके खिलाफ थाना छांयसा में हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने और पुलिस पर फायरिंग करने के नए मामले भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

Exit mobile version