N1Live Entertainment बॉक्सर ‘राका’ के अवतार में बेटे को देख पिता हुए गदगद
Entertainment

बॉक्सर ‘राका’ के अवतार में बेटे को देख पिता हुए गदगद

Father was thrilled to see his son dressed as boxer 'Raka'.

8 मई । अभिनय की दुनिया में चमकना और तालियां बटोरना हर कलाकार का सपना होता है, लेकिन कुछ पल ऐसे होते हैं, जो सफलता के हर पैमाने से बड़े होते हैं। क्राइम-स्पोर्ट्स ड्रामा वेब सीरीज ‘ग्लोरी’ में मुख्य भूमिका निभा रहे अभिनेता कुणाल ठाकुर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ।

सीरीज में कुणाल ‘राका’ नाम के एक बॉक्सर की भूमिका में नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने अपनी जिंदगी का सबसे यादगार पल शेयर करते हुए बताया कि उनके 9 साल लंबे करियर में ऐसा पहली बार था जब उनके पिता उन्हें देखने के लिए शूटिंग सेट पर पहुंचे।

अभिनेता ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर इमोशनल पोस्ट शेयर किया। इसमें वे अपने पिता और को-स्टार मुक्ति मोहन के साथ नजर आ रहे हैं।

अभिनेता ने लिखा, “इस इंडस्ट्री में 9 साल बिताने के बाद पहली बार मेरे पिता सेट पर मुझसे मिलने आए थे। मेरे माता-पिता अबू धाबी में रहते हैं। इतने सालों के संघर्ष, लंबे शूटिंग शेड्यूल और सपनों के पीछे भागने के बीच, उन्होंने मुझे कभी सेट पर लाइव काम करते हुए नहीं देखा था।”

अभिनेता ने बताया कि इस मुलाकात के पीछे उनकी सह-कलाकार मुक्ति मोहन का बड़ा हाथ रहा है। कुणाल ने लिखा, “मुक्ति ने ही उनके पिता को सेट पर लाने की योजना बनाई। उन्होंने पापा को उस दुनिया में लाकर खड़ा कर दिया, जिसके पीछे मैं लगभग एक दशक से भाग रहा हूं।”

कुणाल ने भावनाओं को व्यक्त करते हुए लिखा कि जब उन्होंने अपने पिता को चुपचाप सेट पर खड़े होकर उन्हें ‘राका’ के अवतार में एक्टिंग करते देखा, तो वह पल किसी भी अवॉर्ड या तालियों से ज्यादा कीमती लगा।

उन्होंने अंत में लिखा, “यह मेरे लिए उस इंसान द्वारा देखे जाने और समझे जाने के बारे में था, जिसकी मौजूदगी मेरे लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है। मेरे पिता का वहां होना मेरी सालों की मेहनत का सबसे बड़ा सबूत था। यही मेरे लिए ‘ग्लोरी’ का असली पल था।”

Exit mobile version