July 4, 2025
National

महाराष्ट्र के ठाणे में विधायक के बंगले के सामने दो गुटों के बीच फायरिंग, एक शख्स घायल

Firing between two groups in front of MLA’s bungalow in Thane, Maharashtra, one person injured

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में गुरुवार को विधायक के आवास के सामने सड़क पर फायरिंग हुई। दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई इस गोलीबारी में एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना बदलापुर में विधायक किसन शंकर कथोरे के बंगले के सामने हुई। उनके बंगले के ठीक सामने से बोराडपाड़ा मुरबाड की ओर सड़क जाती है, जहां दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद एक गुट के लोगों ने दूसरे गुट के सदस्य पर फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

इस फायरिंग में अल्ताफ शेख नामक शख्स को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति के ऊपर पहले से कई मामले दर्ज हैं। फायरिंग की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल तेज कर दी। हालांकि, अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि विवाद की असली वजह क्या है?

उल्हासनगर डीसीपी सचिन गोरे ने बताया कि बदलापुर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत यह घटना हुई। अल्ताफ शेख सब्जी लेने के लिए घर से बाजार जा रहा था, तभी रास्ते में पीछे से तीन-चार संदिग्ध आरोपियों ने फायरिंग कर दी।

डीसीपी ने कहा कि घायल अल्ताफ शेख की शिकायत और बयान के आधार पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया कर रही है। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से घटनास्थल पर पहुंचकर मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

बदलापुर थाने की पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों गुटों के बीच किस बात को लेकर विवाद था और आरोपियों ने अल्ताफ शेख पर फायरिंग क्यों की?

Leave feedback about this

  • Service