July 21, 2026
National

असम के हैलाकांडी में चोरी के मामले में पांच गिरफ्तार, 21 ग्राम सोना बरामद

Five arrested in a theft case in Hailakandi, Assam; 21 grams of gold recovered.

असम के हैलाकांडी पुलिस ने शहर के नतूनपारा इलाके में स्थित बौराघाट पेट्रोल पंप के मालिक स्वपन दास के घर हुई चोरी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 ग्राम सोना और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रविवार को विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। अभियान के दौरान पांच लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंगौटी गांव निवासी रिजु अहमद मजूमदार, बहादुरपुर निवासी अकबर हुसैन लस्कर, गंगपार धूमकर निवासी ई-रिक्शा चालक जाबेदुल हक, उसी गांव के प्रसेनजीत रॉय तथा हैलाकांडी शहर के चिराजपट्टी स्थित ताज महल ज्वैलर्स के मालिक नहारुल इस्लाम बारभुइयां के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि सभी आरोपियों की इस वारदात में अलग-अलग भूमिकाएं थीं। कुछ आरोपी चोरी की घटना को अंजाम देने में शामिल थे, जबकि कुछ ने अपराधियों को भागने में मदद की। वहीं, एक आरोपी पर चोरी के गहनों की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस का मानना है कि इस पूरे मामले में एक संगठित नेटवर्क सक्रिय था, जिसकी कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

जांच के दौरान बरामद किए गए 21 ग्राम सोने और चांदी के आभूषणों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। बरामद सामान की पहचान कराने और उसे वास्तविक मालिक को सौंपने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक चोरी गई पूरी संपत्ति बरामद नहीं हुई है, इसलिए गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। वहीं चोरी की गई नकदी और कुछ अन्य कीमती सोने के गहने अभी तक बरामद नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने कहा कि कि जल्द ही चोरी की बाकी नकदी और कीमती गहने भी बरामद कर लिए जाएंगे। इसके लिए टीम काम कर रही है। इसके साथ ही पुछताछ कर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service