May 4, 2026
National

रोहतास में बस-कंटेनर की जोरदार टक्कर, पांच लोगों की मौत, 10 की हालत गंभीर

Five people died and 10 are in critical condition in a bus-container collision in Rohtas.

4 मई । रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया मोड़ के पास सोमवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें लोगों की मौत हो गई और करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, मठिया गांव के लोग चेनारी इलाके के लोधी गांव में अशोक कुमार की पुत्री का तिलक चढ़ाकर बस से गांव लौट रहे थे। इस दौरान मठिया मोड़ के पास बस की कंटेनर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव में जुट गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कई लोग घायल भी बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इस घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किन कारणों से हुआ।

वहीं, रोहतास से एक और घटना सामने आई है, जहां शिवसागर थाना क्षेत्र के गिरधरीया गांव में एक मामूली विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि नाली का पानी बहाने और बिजली के खंभे को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया।

इस हमले में पप्पू सिंह नामक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि वकील सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का फिलहाल इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई।

शिवसागर थानाध्यक्ष के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के शव को सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave feedback about this

  • Service