N1Live National तेलंगाना के महबूबनगर में स्पोर्ट्स बाइक की कार से टक्कर, पांच लोगों की मौत
National

तेलंगाना के महबूबनगर में स्पोर्ट्स बाइक की कार से टक्कर, पांच लोगों की मौत

Five people died when a sports bike collided with a car in Telangana's Mahbubnagar.

11 मई । तेलंगाना के महबूबनगर जिले में सोमवार को उस वक्त भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एक तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक और कार की टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत पांच की मौत हो गई।

महबूबनगर बाईपास रोड पर पालकोंडा जंक्शन पर कार यू-टर्न ले रही थी। तभी तेज रफ्तार बाइक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे शख्स और पीछे बैठे शख्स की मौत हो गई। वहीं, टक्कर लगने से कार में बैठे तीन लोगों की जान चली गई। हादसे में जान गंवाने वालों में दो बच्चे और एक महिला शामिल हैं।

बाइक से टक्कर लगने के बाद कार में बैठी एक और महिला घायल हो गई। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। मरने वालों में से तीन की पहचान आमिर (18 माह), हुजेफा (8) और गौसिया (30) के रूप में हुई है।

बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगने के बाद कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह से टूट गया। हैदराबाद से आ रही बाइक की रफ्तार लगभग 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक मोटरसाइकिल रेसिंग के शौकीन युवा रेसिंग के लिए महबूबनगर बाईपास रोड का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों के लिए खतरा पैदा हो रहा है।

इससे पहले भी हैदराबाद के बाहरी इलाके आदिबतला में आउटर रिंग रोड पर एक कंटेनर से टकराने पर एक अभिनेता समेत दो लोगों की मौत हो गई थी। यह हादसा रविवार को बोंग्लूर और थुक्कुगुडा के बीच एग्जिट नंबर 12 के पास हुआ था। मरने वालों की पहचान अभिनेता के. भरत कंठ (31) और कैमरामैन जी. साई त्रिलोक (31) के तौर पर हुई थी। दोनों आंध्र प्रदेश के नेल्लोर के रहने वाले थे।

भरत कंठ ने तेलुगु फिल्म ‘टेनेंट’ (2024) में एक्टिंग की थी और दूसरी फिल्मों में छोटे रोल किए थे। त्रिलोक टॉलीवुड फिल्मों में कैमरामैन के तौर पर काम कर रहे थे।

Exit mobile version