N1Live Entertainment मेरे लिए जन्मदिन खुद के बारे में सोचने का एक समय है : इशिता दत्ता
Entertainment

मेरे लिए जन्मदिन खुद के बारे में सोचने का एक समय है : इशिता दत्ता

For me, a birthday is a time to reflect on myself: Ishita Dutta.

‘दृश्यम’ और ‘बेपनाह’ जैसी फिल्मों और टीवी शो का हिस्सा रह चुकीं एक्ट्रेस इशिता दत्ता बुधवार को अपना 36वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। इस खास दिन पर उन्होंने अपनी जिंदगी और अब तक की जर्नी को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि उनके लिए बर्थडे वह समय होता है, जब वह थोड़ा रुककर जिंदगी को देखती हैं और सोचती हैं कि अब तक उन्होंने क्या हासिल किया है।

एक्ट्रेस का कहना है कि जिंदगी में आगे बढ़ने और नए सपने देखने जरूरी हैं, लेकिन साथ ही उन चीजों की कद्र करना भी जरूरी है, जो हमारे पास पहले से मौजूद हैं। आईएएनएस के साथ खास बातचीत में इशिता ने अपने इस साल के अनुभव को शेयर किया।

उन्होंने कहा, ”जब मैं पीछे मुड़कर अपने बीते साल को देखती हूं, तो मुझे अपनी जिंदगी के लिए सिर्फ खुशी और आभार महसूस होता है। ऐसे कई मौके आए, जब मुझे महसूस हुआ कि मैं वाकई बहुत लकी हूं कि ऐसी जिंदगी जी रही हूं। जाहिर है, जिंदगी में हमेशा कुछ नया हासिल करने और आगे बढ़ने की इच्छा रहती है। कुछ नए लक्ष्य होते हैं और कुछ ऐसी जगहें होती हैं, जहां हम पहुंचना चाहते हैं। लेकिन, हमारे पास पहले से जो कुछ है, उसे देखना और उसकी कद्र करना भी बहुत जरूरी है। इस जन्मदिन पर मैं बस इन्हीं चीजों के लिए बहुत भाग्यशाली महसूस कर रही हूं।”

इशिता इस समय अपनी अपकमिंग प्रोजेक्ट ‘घमासान’ के प्रमोशन में बिजी हैं। यह जी5 पर स्ट्रीम होने वाला है।

एक्ट्रेस ने कहा, ”इस प्रोजेक्ट का अनुभव मेरे लिए बहुत शानदार रहा है। मेरे जन्मदिन के आसपास इसका प्रमोशन करना काफी स्पेशल लग रहा है। किसी भी प्रोजेक्ट में आप अपनी पूरी मेहनत लगाते हैं और फिर एक ऐसा वक्त आता है, जब आप उसे ऑडियंस के सामने लेकर जाते हैं। अब मैं यह देखने के लिए काफी उत्साहित हूं कि लोगों का इस प्रोजेक्ट को लेकर कैसा रिएक्शन आता है।”

इशिता ने बताया, ”मैं इस नए साल को लेकर खुद पर ज्यादा प्रेशर नहीं डालना चाहती। मैं बस इसे जीना चाहती हूं, इसका मजा लेना चाहती हूं और इसमें पूरी तरह मौजूद रहना चाहती हूं। मैं ऐसा काम करती रहना चाहती हूं, जिससे मुझे खुशी मिले। मैं उन लोगों के साथ वक्त बिताना चाहती हूं, जो मेरे लिए मायने रखते हैं और लगातार कुछ नया सीखना चाहती हूं। अगर मैं ऐसा कर पाई, तो मुझे लगता है कि मेरा साल काफी खूबसूरत रहेगा।”

वर्कफ्रंट की बात करें तो इशिता आने वाले समय में ‘दृश्यम 3’ में दिखाई देंगी। ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी को दर्शकों का खूब प्यार मिला है और अब इसका तीसरा पार्ट इस कहानी का आखिरी चैप्टर होने वाला है। इशिता इस फिल्म से दोबारा जुड़ेंगी।

Exit mobile version