N1Live Entertainment गीता कपूर ने शेयर की ‘कहो ना प्यार है’ की यादें, कहा-डेब्यू से पहले ही परफेक्शनिस्ट थे ऋतिक रोशन
Entertainment

गीता कपूर ने शेयर की ‘कहो ना प्यार है’ की यादें, कहा-डेब्यू से पहले ही परफेक्शनिस्ट थे ऋतिक रोशन

Geeta Kapur shares memories of 'Kaho Naa... Pyaar Hai'; says Hrithik Roshan was a perfectionist even before his debut.

अभिनेता ऋतिक रोशन अपने अभिनय, बेहतरीन डांस और जबरदस्त फिटनेस के लिए जाने जाते हैं। मशहूर कोरियोग्राफर गीता कपूर ने अभिनेता की डेब्यू फिल्म के दिनों को याद करते हुए बताया कि शूटिंग के दौरान काफी तैयारी के साथ आते थे।

गीता कपूर ने अभिनेता ऋतिक रोशन की पहली फिल्म ‘कहो ना… प्यार है’ के शूटिंग के पलों को याद करते हुए बताया कि उन्हें फिल्म के हर गाने में असिस्ट करने का मौका मिला था। अभिनेता के बारे में अपनी पहली राय बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी तैयारी, सीखने की इच्छा और कोरियोग्राफी को समझने की क्षमता को देखकर लगता था कि उन्हें एक नए कलाकार से कहीं ज्यादा अनुभव है।

उन्होंने कहा, “सेट पर सभी लोग ऋतिक को देखकर हैरान रह जाते थे, क्योंकि वह बहुत तैयारी के साथ आते थे और डायरेक्टर व कोरियोग्राफर की हर बात को ध्यान से सुनते थे। उन्हें देखकर यकीन करना मुश्किल था कि वह एक नए कलाकार हैं।”

कोरियोग्रााफर ने बताया कि ऋतिक रोशन शूट में आने से पहले अपना सारा होमवर्क करके आते थे। उन्होंने पता होता था कि डांस किस तरह से करना है। उन्होंने कहा, “वे इतने खुले दिमाग के थे, कोरियोग्राफर की बात सुनना, डायरेक्टर की भी बात सुनना। क्योंकि किरदार ऐसा था कि पहले हाफ में जो लड़का था, वो एक धीमा, सॉफ्ट, अच्छा लड़का था और फिर दूसरे हाफ में एक कैसानोवा, गुड लुकिंग, शानदार डांसर। जिस तरह से उसने प्ले किया, मैं शॉक्ड थी। जैसे, ये कैसे कर लेता है यार? नया है, कुछ तो खामियां हों, कुछ तो गलतियां हों। मेरे लिए, वो परफेक्ट था, हर टेक में परफेक्ट।”

गीता कपूर ने कहा कि वह खुशकिस्मत थीं कि उन्हें ऋतिक की पहली फिल्म के हर गाने में असिस्ट करने का मौका मिला और उन्हें याद है कि कैसे उनका डांस तुरंत सबसे अलग दिखता था।

उन्होंने कहा, “मैं अपने आपको सौभाग्यशाली मानती हूं कि मुझे ऋतिक रोशन के साथ काम करने का मौका मिला था। मैंने बहुत समय के बाद एक ऐसा आर्टिस्ट देखा, एक ऐसा लड़का देखा जिसने स्क्रीन पर एक अच्छे डांसर की पहचान बनाई। वह एक अच्छा एक्टर और डांसर दोनों था। उससे पहले तो, हमारे लिए रेफरेंस पॉइंट पे सिर्फ गोविंदा जी थे, जो डांसिंग हीरो थे।”

गीता ने ऋतिक को ‘एक पल का जीना’ का आइकॉनिक हुक स्टेप सिखाना भी याद किया और कहा कि उनके नेचुरल बॉडी मूवमेंट ने स्टेप को एक ऐसी क्वालिटी दी जो उन्होंने किसी और को उसी तरह दोहराते नहीं देखा। उन्होंने कहा, “ये गाना जब मैं सिखाने गई, तो मुझे लगा था कि हम लोग कर लेंगे, लेकिन जो उनका एडिशन है, उनकी बॉडी में एक लचीलापन था, जिस तरह से उन्होंने वो स्टेप किया। हजारों लोग ‘एक पल का जीना’ का हुक स्टेप करते हैं, लेकिन मैंने किसी और को उनकी तरह करते हुए नहीं देखा है।”

Exit mobile version