November 20, 2026
Entertainment

‘दिल की बेवफाइयां’ में मानव बनकर लौट रहे गौरव खन्ना, बोले- यह मेरा सबसे मुश्किल किरदार है

अभिनेता गौरव खन्ना जल्द ही एकता कपूर के आगामी शो ‘दिल की बेवफाइयां’ में मानव का मुख्य किरदार निभाते नजर आएंगे। अभिनेता ने बताया कि यह किरदार उनके अब तक के सबसे मुश्किल किरदारों में से एक है।

अभिनेता ने आईएएनएस के साथ बातचीत में अपने अभिनय के अनुभव को शेयर करते हुए बताया कि किसी भी एक्टर के लिए उनका नया काम कुछ अलग होना चाहिए।

उन्होंने कहा, “मानव मेरे लिए बहुत ही चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक है और मुझे विश्वास है कि जानकी, जिसका किरदार श्रद्धा निभा रही हैं। उनके लिए भी यह किरदार उतना ही चुनौतीपूर्ण है। हम आसानी से कोई भी रोमांटिक कहानी चुन सकते थे, जो हम दोनों पहले कर चुके हैं। , जिसमें हीरो बाइक पर आता है और हीरोइन का दुपट्टा उड़ता है। इसमें कोई बुराई नहीं है, लेकिन एक एक्टर के तौर पर मुझे लगता है कि आपका मौजूदा काम आपके पिछले काम से कुछ अलग होना चाहिए और यही चीज इस सफर को दिलचस्प बनाए रखती है।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे सच में उम्मीद है कि हमारी कहानी सही ऑडियंस तक पहुंचेगी, क्योंकि लोग इसके किरदारों से खुद को जोड़ पाएंगे। आपको इन किरदारों की झलक अपने मोहल्ले, ऑफिस और यहां तक कि अपने परिवार में भी मिल जाएगी।”

शो ‘दिल की बेवफाइयां’ एक रोमांटिक फैमिली ड्रामा है, जो शादी के 20 साल बाद पति-पत्नी के रिश्ते और उनकी अलग-अलग सोच को दिखाता है। शो में शादीशुदा रिश्ते की भावनाओं और अनकही बातों पर सवाल उठाया गया है, जहां एक के लिए सब ‘काफी’ है, वहीं दूसरे के दिल में ‘काश’ की भावना है।

कहानी के विषय पर बात करते हुए गौरव ने कहा, “बचपन में जब हमें 60 प्रतिशत नंबर मिलते थे तो हम अपनी मां से शिकायत करते थे कि 80 क्यों नहीं आए। जब 80 आए तो सोचते हैं कि 100 क्यों नहीं आए। वैसे ही, छोटी गाड़ी चलाने वाला बड़ी गाड़ी चाहता है। इंसान की इच्छाएं कभी खत्म ही नहीं होतीं। कहानी इसी बारे में है कि जिंदगी ने हमें जो 80 प्रतिशत दिया है, उसे 100 प्रतिशत बनाने की कोशिश में हम कभी-कभी वो भी गंवा बैठते हैं, जो हमारे पास पहले से है। ये इंसान की फितरत, महत्वाकांक्षा और रिश्तों पर एक बहुत ही रियलिस्टिक कहानी है।”

Leave feedback about this

  • Service