November 2, 2026
Entertainment

रंगस्थलम के बाद फिर मचेगा धमाल, ‘आरसी17’ के मुहूर्त में पहुंची साउथ फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी हस्तियां

अभिनेता राम चरण ने निर्देशक सुकुमार के साथ हैदराबाद में एक भव्य पूजा सेरेमनी के साथ फिल्म ‘आरसी17’ की शूटिंग शुरू कर दी है। इसकी जानकारी रविवार को मेकर्स ने दी। मैथ्री मूवी मेकर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुहूर्त सेरेमनी का एक वीडियो शेयर किया है। क्लिप की शुरुआत में राम चरण वेन्यू पर पहुंचते और टीम के मेंबर्स से मिलते नजर आए। इसके बाद एक्टर राम चरण ने दीप प्रज्वलित किया। मेकर्स ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “मेगा पावर स्टार राम चरण ‘आरसी17’ की पूजा सेरेमनी में पहुंचे।”

एक अन्य पोस्ट में मेगास्टार चिरंजीवी मुहूर्त क्लैप देते और पूजा सेरेमनी के दौरान नारियल फोड़ने की शुभ रस्म निभाते नजर आए। वीडियो में राम चरण अपने पिता के पैर छूते भी दिखे, जिसके बाद पिता ने पुत्र को गले लगाया। मेकर्स ने इस खास पल को शेयर करते हुए लिखा, “‘आरसी17’ का सफर मेगा क्लैप के साथ शुरू होता है। मेगास्टार चिरंजीवी गारू ने क्लैपबोर्ड बजाया और ‘आरसी17’ की पूरी टीम को आशीर्वाद दिया।”

‘आरसी17’ के मुहूर्त में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी-बड़ी हस्तियां नजर आईं, जिनमें रवि शंकर, नवीन येरनेनी, नागा वामसी, राहुल संकृत्यायन, गोपीचंद मलिनेनी, मारुति, बुची बाबू सना, वामसी नंदीपती और हरीश शंकर समेत अन्य लोग शामिल थे।

टी-सीरीज फिल्म्स के तहत भूषण कुमार द्वारा प्रस्तुत इस ड्रामा की टेक्निकल टीम में सिनेमैटोग्राफर के तौर पर रत्नावेलु शामिल हैं, जबकि अनिरुद्ध रविचंदर को म्यूजिक देने के लिए लिया गया है। फिलहाल, इस अनटाइटल्ड ड्रामा की बाकी कास्ट और क्रू को सीक्रेट रखा गया है।

गौरतलब है कि अभिनेता राम चरण ने सोशल मीडिया के जरिए ‘आरसी17’ का ऐलान किया था। यह राम चरण और फिल्ममेकर की 2018 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘रंगस्थलम’ के बाद दूसरी प्रोफेशनल कोलैबोरेशन होगी, जिसमें फीमेल लीड के तौर पर सामंथा रुथ प्रभु भी थीं। ‘रंगस्थलम’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था, इसलिए ‘आरसी17’ से उम्मीदें काफी ज्यादा हैं।

Leave feedback about this

  • Service