N1Live Entertainment ‘गजनी’ के प्रोड्यूसर मधु मंटेना बने पिता, भगवान कृष्ण का आभार जताया
Entertainment

‘गजनी’ के प्रोड्यूसर मधु मंटेना बने पिता, भगवान कृष्ण का आभार जताया

'Ghajini' producer Madhu Mantena becomes a father, thanks Lord Krishna

23 मार्च । आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘गजनी’ के प्रोड्यूसर मधु मंटेना और उनकी पत्नी इरा त्रिवेदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रशंसकों को बड़ी खुशखबरी सुनाई। उन्होंने पोस्ट में अपने पहले बच्चे के स्वागत की जानकारी दी।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए मधु ने भगवान कृष्ण का आभार जताया। रविवार को मधु ने इंस्टाग्राम पर एक छोटा वीडियो क्लिप पोस्ट किया, जिसमें भगवान कृष्ण की तस्वीर के साथ नीले रंग में बच्चे के पैर का निशान दिखाया गया। कैप्शन में उन्होंने लिखा, “धन्यवाद कृष्ण, इस दिव्य आशीर्वाद के लिए, हमारे जीवन को प्यार और रोशनी से भरने के लिए। हमने नवरात्रि के पवित्र दिनों में ईद के मौके पर अपने बच्चे का स्वागत किया।”

हालांकि, मधु या उनकी पत्नी ने सीधे तौर पर बच्चे के जेंडर के बारे में स्पष्ट तौर पर नहीं बताया, लेकिन नीले रंग के पैरों के निशान से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्हें बेटा हुआ है।

सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आते ही आम लोगों के साथ ही फिल्म इंडस्ट्री के तमाम सितारों ने उन्हें बधाई दी। राजकुमार राव ने लिखा, “आप दोनों को दिल से बधाई। नन्हें मेहमान से मिलने का बेसब्री से इंतजार है।” नरगिस फाखरी, रवीना टंडन और पुलकित सम्राट ने भी खुशी जताई।

मधु मंटेना का नाम बॉलीवुड में ‘गजनी’ के साथ मशहूर हुआ। उन्होंने कई बड़ी फिल्में प्रोड्यूस की हैं। उन्होंने जुनैद खान और खुशी कपूर की फिल्म ‘लवयापा’ प्रोड्यूस की, जिसका निर्देशन अद्वैत चंदन ने किया था। यह फिल्म 2022 की तमिल हिट ‘लव टुडे’ की हिंदी रीमेक थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा कमाल नहीं दिखा पाई।

मधु की पहले डिजाइनर मसाबा गुप्ता से शादी हुई थी। दोनों ने 2015 में शादी की और 2019 में अलग हो गए। इसके बाद उन्होंने इरा त्रिवेदी के साथ दूसरी शादी की।

Exit mobile version