March 10, 2025
National

महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए सरकार प्रयत्नशील : नीतीश कुमार

Government is striving for women empowerment, security and economic development: Nitish Kumar

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश एवं देश की महिलाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। सीएम ने भरोसा भी दिया कि महिलाओं के सशक्तिकरण तथा उनकी सुरक्षा, शिक्षा एवं सामाजिक तथा आर्थिक विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयत्नशील है।

नीतीश कुमार ने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “किसी भी राज्य या देश के विकास में महिलाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं के सशक्तीकरण तथा उनकी सुरक्षा, शिक्षा एवं सामाजिक तथा आर्थिक विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयत्नशील है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि महिलाओं के उत्थान के प्रति सदैव प्रयत्नशील रहें ताकि उनका सामाजिक एवं आर्थिक विकास हो सके और उन्हें एक सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके।”

इधर, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’। अपनी सक्रिय भागीदारी से नए भारत का निर्माण करने वाली नारी शक्ति को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “नारी शौर्य है, साहस है, शक्ति है। नारी देवी है, दुर्गा है, ईश्वर की भक्ति है। सभी माताओं-बहनों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं। प्रकृति व शक्तिस्वरूपा मातृशक्ति के त्याग, समर्पण और सेवा के बल पर सम्पूर्ण समाज सर्वांगीण तरक्की कर रहा है। आइए, लिंग भेद से मुक्त होकर हम सभी नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए संकल्पित हों।”

Leave feedback about this

  • Service