N1Live Entertainment एक साथ नजर आए गोविंदा और निरहुआ, फैंस बोले, ‘एक फ्रेम में दो सुपरस्टार’
Entertainment

एक साथ नजर आए गोविंदा और निरहुआ, फैंस बोले, ‘एक फ्रेम में दो सुपरस्टार’

Govinda and Nirahua seen together, fans say, 'Two superstars in one frame'

17 मार्च । भोजपुरी के कलाकार अब बॉलीवुड में भी अपनी मजबूत पकड़ बना रहे हैं। इंडस्ट्री के कई स्टार ने हिंदी फिल्मों में हुनर और आवाज का जलवा बिखरा है, जिनमें पवन सिंह, मनोज तिवारी, शारदा सिन्हा, कल्पना पटवारी और मालिनी अवस्थी जैसे कलाकारों के नाम शामिल हैं। इन सितारों ने बॉलीवुड फिल्मों में अपनी गायकी से भोजपुरी संगीत का दायरा राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है।

पवन सिंह ने ‘स्त्री 2’ फिल्म में ‘आई नहीं’ गाने से काफी सराहना और लोकप्रियता हासिल की। भोजपुरी और बॉलीवुड के रिश्ते आए दिन मजबूत होते दिख रहे हैं। इसी बीच, भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे बड़े कलाकारों में से एक, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा के साथ सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें निरहुआ और गोविंदा मुस्कुराते नजर आ रहे हैं।

निरहुआ ने कैप्शन में लिखा, “आदरणीय बड़े भैया, हम सबके सबसे चहेते सुपरस्टार गोविंदा जी का आशीर्वाद और सानिध्य प्राप्त हुआ, हर हर महादेव।” अभिनेता के इस पोस्ट को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।

पोस्ट पर कुछ ही देर में हजारों व्यूज और लाइक्स आ चुके हैं। वहीं, फैंस लगातार कमेंट्स के माध्यम से अपने पसंदीदा कलाकारों के प्रति प्यार लुटा रहे हैं। कमेंट में एक यूजर ने लिखा, ‘दो सुपरस्टार एक फ्रेम में,’ तो दूसरा यूजर गोविंदा के ‘हीरो नंबर 1’ मूवी को याद करके नाम कमेंट करता है। इसी प्रकार फैंस तस्वीर पर लाइक्स और कमेंट्स के माध्यम से लगातार अपना प्यार लुटा रहे हैं।

दिनेश लाल यादव प्रमुख भोजपुरी गायक, अभिनेता, और राजनेता हैं। निरहुआ ने भोजपुरी के कई फिल्मों और म्यूजिक वीडियो में काम किया है। स्क्रीन पर अभिनेता की जोड़ी मुख्य रूप से अभिनेत्री आम्रपाली दुबे के साथ हिट मानी जाती है। वो 2019 में भाजपा में शामिल हुए थे और आजमगढ़ लोकसभा के सांसद रह चुके हैं।

वहीं, गोविंदा हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे प्रमुख और लोकप्रिय कलाकारों में से एक हैं, जो 90 के दशक में अपनी कॉमेडी और लाजवाब डांस मूव्स के लिए जाने जाते हैं। एक्टर ने 100 से अधिक फिल्मों में अभिनय और डांस का जादू बिखेरा है। उनकी कुछ प्रमुख फिल्मों में ‘हद कर दी आपने’, ‘आंखें’, ‘राजा बाबू’, ‘कुली नंबर 1’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘दूल्हे राजा’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’ और ‘पार्टनर’ शामिल हैं।

Exit mobile version