N1Live National ग्रेटर नोएडा : पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार
National

ग्रेटर नोएडा : पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार

Greater Noida: Police arrested the accused in the case of murderous attack.

12 मई । ग्रेटर नोएडा के थाना जारचा पुलिस ने जानलेवा हमले और मारपीट के मामले में फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक कुल्हाड़ी भी बरामद की है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले में फरार अन्य अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला 24 अप्रैल 2026 का है। पीड़ित पक्ष द्वारा थाना जारचा में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि कुछ लोगों ने उनके और उनके भाइयों पर जान से मारने की नीयत से हमला किया, मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना जारचा में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में 12 मई 2026 को थाना जारचा पुलिस ने गोपनीय सूचना और स्थानीय इंटेलिजेंस की मदद से कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त अनुज को ग्राम दयानगर की पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनुज पुत्र स्वर्गीय सर्वेश कुमार निवासी ग्राम धनपुरा, थाना सिकंदराबाद , जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में कई संगीन मामले दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पर मारपीट, धमकी, तोड़फोड़, हत्या के प्रयास और पॉक्सो एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2017 से लेकर 2023 तक बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाने में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में पूर्व में भी एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Exit mobile version