N1Live National धनबाद में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, झाड़ियों से मिला शव
National

धनबाद में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या, झाड़ियों से मिला शव

Youth killed by crushing head with stone in Dhanbad, body found in bushes

12 मई । झारखंड के धनबाद शहर के धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदमारी यज्ञशाला ग्राउंड के समीप एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह युवक का लहुलुहान शव मैदान के पीछे स्थित झाड़ियों से बरामद हुआ है।

अपराधियों ने युवक के चेहरे और सिर को भारी पत्थर से इस कदर कुचला है कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जब कुछ स्थानीय नागरिक टहलने और दैनिक कार्यों के लिए यज्ञशाला मैदान की ओर गए, तो उनकी नजर झाड़ियों के बीच पड़े एक शव पर पड़ी।

घटनास्थल के समीप ही एक बाइक भी बरामद हुई है, जिसके बारे में आशंका जताई जा रही है कि वह मृतक की ही है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना धनसार थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की प्रारंभिक जांच और घटनास्थल की स्थिति को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में फेंक दिया।

फिलहाल मृतक की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए युवक की पहचान स्थापित करने की कोशिश कर रही है। धनसार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह आपसी रंजिश या किसी गंभीर विवाद का परिणाम हो सकता है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version