August 10, 2026
Entertainment

शादी और मां बनने के दबाव पर गुलफाम खान बोलीं, ऐसा फैसला लें जिस पर 10 साल बाद भी गर्व हो

Gulfam Khan on the pressure to get married and become a mother: Make a decision you will be proud of even 10 years later.

शादी करो, बच्चा कब करोगी, उम्र निकल रही है… ये सवाल आज भी ज्यादातर लड़कियों को सुनने पड़ते हैं। चाहे वो घर की हों या बाहर की, रिश्तेदार हों या पड़ोसी। टीवी एक्ट्रेस गुलफाम खान ने भी इस प्रेशर को फेस किया है और अब उन्होंने यंग लड़कियों को सलाह दी है कि वह इस प्रेशर से कैसे डील करें।

आईएएनएस से ​​खास बातचीत में गुलफाम ने कहा कि जब ऐसे सवालों का सामना करना पड़े, तो इंसान को अपनी जिंदगी के अगले दस वर्षों के बारे में सोचना चाहिए और ऐसा फैसला लेना चाहिए जिससे भविष्य में खुशी मिले। उनसे पूछा गया कि वे उन युवा महिलाओं को क्या सलाह देना चाहेंगी जो शादी या मां बनने को लेकर दबाव का सामना कर रही हैं।

जवाब में गुलफाम ने ​​कहा, “सोचिए कि आप दस साल बाद कैसी होंगी। अगर आज आप जो फैसला ले रही हैं, उससे दस साल बाद भी आपको खुशी और संतुष्टि मिलेगी तो पूरे भरोसे के साथ वह फैसला लें।” उन्होंने कहा कि जब तक आप किसी को दुख नहीं पहुंचा रही हैं, तब तक बिना किसी पछतावे के अपनी जिंदगी जीना पूरी तरह सही है। यह आपकी जिंदगी है। जब तक आप किसी को दुख नहीं पहुंचा रही हैं या किसी का फायदा नहीं उठा रही हैं, तब तक बिना पछतावे के अपनी जिंदगी जीएं।”

उनसे यह भी पूछा गया कि क्या उन्हें खुद भी शादी और मां बनने को लेकर ऐसे सवालों का सामना करना पड़ा है। इस पर गुलफाम ने बताया कि उनका परिवार हमेशा से बहुत सपोर्टिव रहा है और उनके फैसलों के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने कहा, “पर्सनली, मेरे परिवार ने हमेशा मेरे फैसलों का सम्मान किया है। मेरे पति, ससुराल वाले और भाई-बहनों ने हमेशा मेरा साथ दिया है।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि करीबी लोगों के सपोर्ट के बावजूद उन्हें रिश्तेदारों, पड़ोसियों और दोस्तों के दबाव का सामना करना पड़ा है। ‘दीया और बाती हम’ की एक्ट्रेस ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, “हां, रिश्तेदारों, पड़ोसियों या दोस्तों का दबाव होता है। लेकिन जब आपका अपना परिवार आपके साथ खड़ा हो, तो बाहरी लोगों की राय ज्यादा मायने नहीं रखती।”

काम के बारे में बात करें तो गुलफाम शो ‘अलादीन – नाम तो सुना होगा’ में नाजनीन के किरदार के लिए सबसे ज्यादा जानी जाती हैं। इसके अलावा वह ‘नामकरण’, ‘लाडो 2’ और ‘इंडिया कॉलिंग’ जैसे दूसरे पॉपुलर शो का भी हिस्सा रही हैं।

Leave feedback about this

  • Service