N1Live National भारी बारिश के बीच गुरुग्राम पुलिस की एडवाइजरी, कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने की अपील
National

भारी बारिश के बीच गुरुग्राम पुलिस की एडवाइजरी, कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने की अपील

Gurugram Police issues advisory amidst heavy rain; appeals to companies to allow employees to work from home.

दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश और अगले कुछ दिनों तक भारी वर्षा की चेतावनी के मद्देनजर गुरुग्राम पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस ने कॉर्पोरेट कंपनियों और निजी प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान अपने कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम करने) की सुविधा दें।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “गुरुग्राम में लगातार हो रही तथा आगामी भारी वर्षा को देखते हुए शहर की प्रमुख सड़कों और चौराहों पर जलभराव तथा यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न होने की प्रबल संभावना है। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अनावश्यक यातायात के दबाव को कम करने और सड़क प्रबंधन में स्थानीय प्रशासन की सहायता के लिए गुरुग्राम पुलिस यह एडवाइजरी जारी कर रही है।”

पुलिस ने आगे कहा, “हम कॉर्पोरेट क्षेत्र और निजी प्रतिष्ठानों से आग्रह करते हैं कि वे अगले कुछ दिनों तक अपने कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ की सुविधा उपलब्ध कराएं। इससे अनावश्यक वाहनों की आवाजाही कम होगी और ट्रैफिक प्रबंधन दलों को यातायात सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए हम आपके सहयोग की सराहना करते हैं।”

उधर, मौसम विभाग ने बुधवार के लिए दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, 9 जुलाई को भी तेज बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। 10 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि 11 जुलाई से वर्षा की गतिविधियों में कुछ कमी आने के संकेत हैं। हालांकि, आसमान में बादल छाए रहने की संभावना बनी रहेगी।

इस बीच, मंगलवार की बारिश के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर नरसिंहपुर के पास दिल्ली से जयपुर जाने वाली लेन में सड़क धंस गई, जिससे दो लेन बंद करनी पड़ीं। इसके चलते हाईवे पर करीब 12 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और हजारों वाहन घंटों तक फंसे रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया, लेकिन जलभराव और भारी वाहनों के दबाव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Exit mobile version