N1Live National ग्वालियर से सप्ताह में 6 दिन रहेगी दिल्ली और बेंगलुरु की उड़ान : सिंधिया
National

ग्वालियर से सप्ताह में 6 दिन रहेगी दिल्ली और बेंगलुरु की उड़ान : सिंधिया

Gwalior to Delhi and Bengaluru flights will operate 6 days a week: Scindia

16 अप्रैल केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बताया है कि ग्वालियर से नई उड़ान सेवा शुरू होने वाली है जिससे ग्वालियर से सप्ताह में छह दिन दिल्ली और बेंगलुरु के लिए हवाई सेवा सुलभ रहेगी। बताया गया है कि ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट से ग्वालियर–दिल्ली–बेंगलुरु तथा बेंगलुरु–दिल्ली–ग्वालियर के लिए एक और हवाई सेवा शीघ्र प्रारम्भ होने जा रही है।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा है कि इस उड़ान सेवा के शुरू होने से ग्वालियर एवं ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सहित मध्य प्रदेश की कनेक्टिविटी और सुदृढ़ होगी तथा यात्रियों को प्रमुख शहरों से बेहतर एवं तेज़ आवागमन सुविधा प्राप्त होगी। जानकारी के अनुसार, अकासा एयर द्वारा इस रूट पर नई उड़ानें शुरू की जाएंगी।

वर्तमान में ग्वालियर से इंडिगो की उड़ानें सप्ताह में तीन दिन (मंगलवार, गुरुवार और शनिवार) संचालित होती हैं, जबकि प्रस्तावित अकासा एयर की नई उड़ानों (सोमवार, बुधवार और शुक्रवार) के साथ अब सप्ताह में छह दिन हवाई सेवा उपलब्ध हो सकेगी। इस सेवा के शुरू होने से बेंगलुरु जैसे प्रमुख आईटी एवं स्टार्टअप हब से ग्वालियर का सीधा जुड़ना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नई उड़ान सेवा से व्यापार, उद्योग, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलेगी। दिल्ली और बेंगलुरु जैसे प्रमुख महानगरों से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से नागरिकों, व्यवसायियों और विद्यार्थियों को विशेष लाभ होगा तथा आवागमन अधिक सुगम और समयबद्ध हो सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक एयरपोर्ट के माध्यम से क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर की हवाई सुविधाओं से जोड़ने का संकल्प साकार हो रहा है और यह पहल ग्वालियर के समग्र विकास को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

Exit mobile version