April 27, 2026
National

हज 2026: भारतीय राजदूत ने मक्का का दौरा किया, हाई-स्पीड ट्रेन और डिजिटल सेवाएं शुरू

Hajj 2026: Indian ambassador visits Mecca, high-speed train and digital services launched

27 अप्रैल । भारत के सऊदी अरब में राजदूत सुहेल खान ने रविवार को मक्का का दौरा किया और भारतीय हज यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मदीना से ट्रेन के जरिए मक्का पहुंचे भारतीय तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे का भी स्वागत किया।

इस दौरान जेद्दा में भारत के कॉन्सुल जनरल फहद सूरी और कॉन्सुल हज सदफ चौधरी भी मौजूद थे, यह जानकारी सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने सोशल मीड‍िया ‘एक्‍स’ अकाउंट पर दी।

दूतावास ने बताया कि इस साल बड़ी संख्या में भारतीय यात्री मक्का और मदीना के बीच सफर के लिए हरमैन हाई-स्पीड रेलवे का इस्तेमाल करेंगे। इसके अलावा इसका उपयोग जेद्दा और मक्का के बीच यात्रा के लिए भी किया जाएगा। इससे यात्रियों का सफर काफी तेज, सुरक्षित और आरामदायक हो जाएगा।

18 अप्रैल को हज 2026 के पहले जत्थे के यात्री दिल्ली एयरपोर्ट से सऊदी अरब के मक्का के लिए रवाना हुए थे। उस समय दिल्ली हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां भी एयरपोर्ट पर मौजूद थीं।

हज के लिए कई सुविधाएं शुरू की गई हैं। इनमें ‘हज सुविधा ऐप’ के जरिए डिजिटल सेवाएं बढ़ाना और ‘हज सुविधा स्मार्ट बैंड’ शामिल है, जिससे यात्रियों को ढूंढने और मदद करने में आसानी होगी।

इस बार लगभग 20 दिन का छोटा हज विकल्प भी शुरू किया गया है, ताकि लोगों को ज्यादा सुविधा मिल सके।

सरकार ने हर यात्री के लिए बीमा कवर भी बढ़ाकर लगभग 6.25 लाख रुपए कर दिया है, जिससे यात्रा के दौरान आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा मजबूत होगी।

करीब 60,000 यात्रियों को मक्का और मदीना के बीच हाई-स्पीड ट्रेन से यात्रा करने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनका सफर तेज और आरामदायक होगा।

इसके अलावा यात्रियों की रियल-टाइम निगरानी, शिकायत निवारण सिस्टम, बेहतर मेडिकल जांच और स्वास्थ्य सुविधाएं और सऊदी अरब में ठहरने और परिवहन की बेहतर व्यवस्था भी की गई है। मक्का में होटल जैसी रहने की सुविधा भी दी जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service