N1Live National अबोहर मेयर विवाद पर बोले हरपाल चीमा, पार्षदों ने किया मताधिकार का प्रयोग, चुनाव पर सवाल उठाना गलत
National

अबोहर मेयर विवाद पर बोले हरपाल चीमा, पार्षदों ने किया मताधिकार का प्रयोग, चुनाव पर सवाल उठाना गलत

Harpal Cheema speaks on the Abohar mayoral dispute; councillors exercised their right to vote, so questioning the election is wrong.

11 जुलाई । पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने अबोहर मेयर चुनाव विवाद, राज्य में सार्वजनिक परिवहन के विस्तार और कांग्रेस में कथित गुटबाजी समेत कई मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, विकास और सुशासन के एजेंडे पर काम कर रही है।

अबोहर मेयर चुनाव को लेकर उठे विवाद पर चीमा ने आईएएनएस से कहा कि राज्य में मेयर और नगर परिषद अध्यक्ष के सभी चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मेयर और अध्यक्ष का चुनाव निर्वाचित नगर पार्षदों का अधिकार है। पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए अपने प्रतिनिधियों का चयन किया है, इसलिए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने का कोई आधार नहीं है।

सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब देश में सरकारी बस बेड़े के विस्तार के मामले में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार लगभग 700 नई बसें खरीद रही है। इसके लिए जारी टेंडर प्रक्रिया में टाटा मोटर्स और अशोक लेलैंड ने हिस्सा लिया था, जिसमें अशोक लेलैंड को टेंडर मिला।

चीमा के अनुसार, नई बसें अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगी। इनमें अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस आधारित रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार ने बस टिकट बुकिंग व्यवस्था को भी पूरी तरह डिजिटल बना दिया है। अब यात्री घर बैठे ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे और डिजिटल भुगतान के माध्यम से टिकट का भुगतान कर सकेंगे।

चीमा ने दावा किया कि नई बसों के शामिल होने के बाद पंजाब के सरकारी बस बेड़े की कुल संख्या बढ़कर 3,546 हो जाएगी, जो मौजूदा संख्या की तुलना में करीब 56 प्रतिशत अधिक होगी। उनके अनुसार, इससे लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

कांग्रेस में कथित गुटबाजी पर निशाना साधते हुए चीमा ने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर हालात ऐसे हो गए हैं कि प्रदेश अध्यक्ष के साथ भी सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने भूपेश बघेल को पंजाब में नेताओं से बातचीत के लिए भेजा है, जहां वे उन नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं जिन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लग चुके हैं। चीमा ने दावा किया कि कांग्रेस की आंतरिक कलह अब खुलकर सामने आ रही है, जिससे पार्टी की स्थिति स्पष्ट हो रही है।

Exit mobile version