June 5, 2026
National

हजारीबाग : अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार के विरोध में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, ग्रामीणों ने की सड़क जाम

Hazaribagh: Youth climbs mobile tower to protest corruption in zonal office, villagers block road

5 जून । झारखंड के हजारीबाग जिले के कटकमदाग अंचल कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार और जमीन के दाखिल-खारिज में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को एक युवक 80 फीट ऊंटे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

इससे इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और युवक के समर्थन में सड़क जाम कर दिया।

टावर पर चढ़े युवक की पहचान कटकमदाग निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। उसका आरोप है कि वह पिछले करीब 14 वर्षों से पांच एकड़ जमीन पर खेती कर रहा है, लेकिन संबंधित भूमि का दाखिल-खारिज किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दिया गया।

विकास का कहना है कि वह अपनी शिकायत लेकर कई बार अंचल कार्यालय पहुंचा, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। उसका आरोप है कि पिछले छह महीनों से उसे लगातार कार्यालय के चक्कर लगवाए जा रहे हैं। विकास कुमार मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रशासन और अंचल कार्यालय के खिलाफ नारेबाजी कर रहा है। उसने चेतावनी दी है कि जब तक उसकी जमीन से जुड़े मामले में उचित कार्रवाई नहीं की जाती और कथित गड़बड़ियों की जांच नहीं होती, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा।

युवक ने अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार होने का भी आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के समझाने और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब डेढ़ बजे युवक टावर से नीचे उतरने को राजी हुआ।। टावर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए।

इधर, युवक के समर्थन में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी अंचलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की और भूमि मामलों में कथित अनियमितताओं तथा भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की मांग की। प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित हुआ।

Leave feedback about this

  • Service