N1Live National एनसीआर में बढ़ रही गर्मी, कई इलाकों में वायु गुणवत्ता ‘रेड जोन’ के करीब
National

एनसीआर में बढ़ रही गर्मी, कई इलाकों में वायु गुणवत्ता ‘रेड जोन’ के करीब

Heat rises in NCR, air quality in many areas close to 'red zone'

10 मार्च । दिल्ली-एनसीआर में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिन के साथ-साथ अब रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। मौसम का पूर्वानुमान बताता है कि आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा, हालांकि फिलहाल किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।

वहीं दूसरी ओर बढ़ती गर्मी के साथ-साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी चिंताजनक स्तर की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई क्षेत्रों में एक्यूआई ‘खराब’ से लेकर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गया है, जबकि कुछ स्थानों पर यह रेड जोन की सीमा तक पहुंच चुका है।

दिल्ली के विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो अलीपुर में एक्यूआई 239, आनंद विहार में 277, अशोक विहार में 262 दर्ज किया गया है। वहीं आया नगर में एक्यूआई 180 और कैंटोनमेंट क्षेत्र में 174 रहा, जो अन्य क्षेत्रों के मुकाबले अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में है। इसके अलावा बवाना में एक्यूआई 283, बुराड़ी क्रॉसिंग में 239, चांदनी चौक में 292, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 243 तथा सीआरआरआई मथुरा रोड क्षेत्र में एक्यूआई 207 दर्ज किया गया है।

नोएडा की स्थिति भी कुछ बेहतर नहीं है। यहां सेक्टर-125 में एक्यूआई 246, सेक्टर-62 में 184, सेक्टर-1 में 268 और सेक्टर-116 में 247 दर्ज किया गया है। इनमें से कई इलाके ‘खराब’ श्रेणी में बने हुए हैं। ग्रेटर नोएडा में स्थिति और ज्यादा चिंताजनक देखी जा रही है। नॉलेज पार्क-III में एक्यूआई 221 दर्ज किया गया है, जबकि नॉलेज पार्क-V में एक्यूआई 361 तक पहुंच गया है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।

गाजियाबाद के आंकड़ों पर नजर डालें तो इंदिरापुरम में एक्यूआई 257, लोनी में 282, वसुंधरा में 265 और संजय नगर में 301 दर्ज किया गया है। संजय नगर का एक्यूआई 300 के पार पहुंचने से यह क्षेत्र रेड जोन में शामिल हो गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में बदलाव, धूल-कणों की बढ़ोतरी और वाहनों से निकलने वाले धुएं के कारण वायु गुणवत्ता लगातार प्रभावित हो रही है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि वायु गुणवत्ता में सुधार फिलहाल हवा की गति और मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा। फिलहाल एनसीआर के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर लोगों के लिए चिंता का कारण बनता जा रहा है।

Exit mobile version