N1Live Entertainment ओटीटी में कदम रख कम्फर्ट जोन से बाहर आईं हेली शाह, बोलीं- काम से बनाना चाहती हूं पहचान
Entertainment

ओटीटी में कदम रख कम्फर्ट जोन से बाहर आईं हेली शाह, बोलीं- काम से बनाना चाहती हूं पहचान

Helly Shah stepped out of her comfort zone by entering OTT, saying – I want to make a name for myself through my work

एक से बढ़कर एक सफल टीवी शो का हिस्सा रहीं अभिनेत्री हेली शाह नई पारी की शुरुआत कर चुकी हैं और इसे लेकर वह उत्साहित भी हैं। हेली इन दिनों ओटीटी शो ‘गुल्लक’ के पांचवें सीजन में अपने अभिनय को लेकर चर्चा में हैं। दर्शकों से मिल रहे सकारात्मक रिस्पॉन्स के बीच हेली ने टेलीविजन से ओटीटी की दुनिया में कदम रखने और अपने करियर के इस नए पड़ाव के बारे में बात की।

हेली शाह का कहना है कि टेलीविजन इंडस्ट्री हमेशा उनके लिए एक कम्फर्ट जोन रही है। लंबे समय तक टीवी पर काम करने की वजह से उन्होंने एक मजबूत पहचान और बड़ा फैन बेस बनाया। हालांकि, वह अपने अभिनय के दायरे को बढ़ाना चाहती थीं और इसी सोच के साथ उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म की ओर रुख किया।

हेली ने बताया कि टेलीविजन कलाकारों को अक्सर एक तय छवि में देख लिया जाता है। कई बार दूसरे माध्यमों में काम करने के बावजूद कलाकारों को “टीवी एक्टर” या “टीवी एक्ट्रेस” के टैग से बाहर निकलने में काफी समय लग जाता है। उनका मानना है कि लगातार अच्छा काम और सही मौके मिलने पर लोगों की सोच धीरे-धीरे बदलती है।

उन्होंने कहा, “मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि इतने सालों तक टेलीविजन से जुड़ी रही। यह हमेशा मेरा कम्फर्ट जोन रहा है। लेकिन मैं नए अवसरों को भी आजमाना चाहती हूं क्योंकि मुझे अक्सर सिर्फ एक टीवी एक्ट्रेस के तौर पर देखा जाता रहा है। ‘गुल्लक’ में इतने प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ काम करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा है।”

हेली ने यह भी बताया कि वह लंबे समय से द वायरल फीवर (टीवीएफ) के साथ काम करना चाहती थीं और ‘गुल्लक’ के जरिए उनका ओटीटी डेब्यू होना इस सफर को और भी खास बना देता है। उनके अनुसार, इस शो की सबसे बड़ी खासियत इसकी सादगी और वास्तविकता है, जिससे दर्शक खुद को जोड़ पाते हैं। यही वजह है कि हर सीजन को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलता है।

अभिनेत्री ने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान सिर्फ अच्छे काम पर है। वह चाहती हैं कि लोग उन्हें उनके अभिनय और काम की वजह से पहचानें, न कि सिर्फ सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी के कारण। हेली शाह के मुताबिक, ‘गुल्लक’ उनके करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनके लिए यह सिर्फ ओटीटी डेब्यू नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है, जहां वह खुद को अलग-अलग तरह के किरदारों के जरिए साबित करना चाहती हैं।

Exit mobile version