July 22, 2026
Entertainment

हेमा मालिनी ने बताया सफलता का मंत्र, बोलीं- ‘भरतनाट्यम ने सिखाया अनुशासन और पूरी लगन से काम करना’

Hema Malini reveals the secret to success, says, “Bharatnatyam taught me discipline and how to work with complete dedication.”

बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपने शानदार करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं और भारतीय सिनेमा में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। अब उन्होंने छह दशक से ज्यादा लंबे फिल्मी सफर की सफलता के पीछे छिपे उस मंत्र का खुलासा किया है, जिसने उन्हें हर दौर में आगे बढ़ने की ताकत दी। उन्होंने बताया कि सफल होने के लिए पूरी लगन, अनुशासन और एकाग्रता की जरूरत होती है, जो उन्हें बचपन से सीखे गए शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम से मिले हैं।

हाल ही में सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ में पहुंचीं हेमा मालिनी ने अपनी जिंदगी, करियर और कला से जुड़े कई अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि फिल्मों में सफलता पाने के लिए सिर्फ प्रतिभा ही काफी नहीं होती, बल्कि मेहनत, अनुशासन और अपने काम के प्रति पूरी ईमानदारी भी जरूरी होती है।

हेमा मालिनी ने कहा, ”मैंने आठ साल की उम्र से शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम सीखना शुरू किया था और तभी से इसे करती आ रही हूं। मैंने कई शो किए हैं और कई बार अकेले दो घंटे तक प्रस्तुति दी है। इसके लिए बहुत समर्पण, एकाग्रता और मेहनत की जरूरत होती है।”

उन्होंने आगे कहा, ”भरतनाट्यम ने मुझे जीवन में अनुशासन का महत्व समझाया। शायद यही वजह है कि मैं फिल्मों में भी सफल हो पाई। फिल्म इंडस्ट्री में भी इन चीजों की बहुत जरूरत होती है। मस्ती अपनी जगह है, लेकिन जब काम करने का समय आए तो बाकी सब कुछ भूलकर पूरी तरह अपने काम के लिए समर्पित होना पड़ता है।”

शो के दौरान रैपर बादशाह ने भी हेमा मालिनी के व्यक्तित्व की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि हेमा मालिनी को देखकर हमेशा ऐसा लगता है कि वह फिल्मों में आने से पहले से ही एक सुपरस्टार जैसी शख्सियत रखती थीं।

मशहूर गायिका श्रेया घोषाल ने भी हेमा मालिनी से जुड़ी अपनी एक याद साझा की। उन्होंने बताया, “मैंने उनका एक वीडियो देखा था, जिसमें वह शायद 15 या 16 साल की थीं। वह भरतनाट्यम प्रस्तुति की तैयारी करती नजर आ रही थीं। मुझे लगता है कि हेमा जी को एक दिन फिल्मों में आकर सफलता हासिल करनी ही थी। वह एक क्वीन हैं। सबसे खास बात यह है कि उन्होंने कभी नृत्य को खुद से दूर नहीं किया और यही बात मुझे सबसे ज्यादा प्रेरित करती है।”

Leave feedback about this

  • Service