July 1, 2026
National

उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस-कार की टक्कर में पांच की मौत

Horrific accident on Agra-Lucknow Expressway in Unnao; five killed in bus-car collision.

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो बच्चियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। कई यात्री घायल हुए, जिन्हें अस्पताल के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह बस चालक को झपकी आना बताई जा रही है।

जानकारी सामने आई कि बुधवार सुबह उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्रांतर्गत आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किमी संख्या 230.800 के पास हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार बस हरियाणा से बिहार जा रही थी। अचानक से बस अनियंत्रित होकर एक कार से टकराई और कुछ मीटर की दूरी पर जाकर पलट गई। बस की टक्कर से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

बताया गया कि हादसे के समय कार में नौ लोग सवार थे। इनमें से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान धुनमुन (उम्र 60 वर्ष), चालक विनोद (45 वर्ष), अंजू (40 वर्ष), अमृता (13 वर्ष) और दिव्या (6 वर्ष) के रूप में हुई है। बस के पलटने से उसमें सवार 17 से अधिक यात्री भी घायल हुए। अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया गया और प्राथमिक इलाज के बाद कई यात्रियों को छुट्टी देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना और उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave feedback about this

  • Service