20 मार्च । बॉलीवुड में अक्सर देखा जाता है कि बड़े स्टार्स सिर्फ अभिनय तक ही सीमित नहीं रहते, बल्कि समय के साथ फिल्म बनाने की जिम्मेदारी भी अपने हाथ में लेना चाहते हैं। इसी कड़ी में अब ऋतिक रोशन का नाम भी जुड़ता नजर आ रहा है। इस बीच अमेजन के ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो के इवेंट के दौरान ऋतिक ने प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रखने के लिए इंडस्ट्री के जाने-माने फिल्ममेकर करण जौहर से सलाह मांगी।
दरअसल, प्राइम वीडियो के इवेंट में ऋतिक रोशन अपने दो नए ओटीटी शोज ‘मैस’ और ‘स्ट्रॉम’ के लॉन्च के लिए पहुंचे। स्टेज पर बातचीत के दौरान ऋतिक ने करण जौहर की जमकर तारीफ की और उन्हें अब तक का सबसे बेहतरीन प्रोड्यूसर बताया।
इसके बाद उन्होंने करण से सीधे तौर पर पूछा कि अगर वह प्रोड्यूसर बनना चाहें, तो उन्हें क्या करना चाहिए?
ऋतिक की बात सुनकर करण जौहर काफी खुश नजर आए और उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। करण ने कहा कि ऋतिक को किसी खास ट्रेनिंग की जरूरत नहीं है, क्योंकि वह बचपन से ही फिल्मी माहौल में पले-बढ़े हैं।
करण ने कहा कि ऋतिक के पिता राकेश रोशन खुद एक सफल फिल्ममेकर रहे हैं और ऋतिक ने खुद भी अपने करियर की शुरुआत बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर की थी। वह शुरुआत से एक प्रोड्यूसर बनने के लिए तैयारी करते रहे हैं।
करण जौहर की यह बात सुनकर ऋतिक रोशन भी मुस्कुराते हैं और कहते हैं कि अब उन्हें काफी अच्छा महसूस हो रहा है। इवेंट के दौरान ऋतिक ने अपने दोनों नए शोज के बारे में भी बात की।
‘मैस’ एक ऐसे ग्रुप की कहानी है जो चोरी के इरादे से एक घर में घुसता है, लेकिन वहां हालात ऐसे बन जाते हैं कि उन्हें खुद अपनी जान बचानी पड़ती है। वहीं, ‘स्ट्रॉर्म’ पांच महिलाओं की कहानी है। यह एक हाउसिंग प्रोजेक्ट के घोटाले पर आधारित है। ये दोनों कहानियां दर्शकों को रोमांच और सस्पेंस से भरपूर अनुभव देने वाली हैं।


Leave feedback about this