6 मई । नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 4 मई को एक तीन मंजिला मकान की छत से गिरने की घटना में युवक की मौत हो गई थी, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जो इस घटना के मुख्य आरोपी बताए जा रहे हैं।
घटना सेक्टर-22 स्थित जी ब्लॉक की है, जहां किराए पर रह रहे युवक पुनीत चौहान और उसकी महिला मित्र विद्या दास एक मकान पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि किसी निजी विवाद को सुलझाने और माफी मांगने के लिए दोनों आरोपी हितेश राणा के घर गए थे। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हितेश राणा को पत्नी चंचल और पुनीत चौहान के बीच संपर्क को लेकर पहले से ही गुस्सा था। जब पुनीत अपनी महिला मित्र के साथ उसके घर पहुंचा तो गुस्से में आकर हितेश राणा और उसकी पत्नी चंचल ने दोनों के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान घर में रखी हॉकी का इस्तेमाल किया गया।
मारपीट के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुनीत चौहान और विद्या दास तीसरी मंजिल से नीचे गिर गए। इस हादसे में पुनीत चौहान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विद्या दास को इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 6 मई को आरोपी पति-पत्नी हितेश राणा (33 वर्ष) और चंचल (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक हॉकी भी बरामद की गई है। पुलिस ने इस मामले में हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

