N1Live Entertainment ‘हर दिन तुम पर फिदा हो जाता हूं’, ट्विंकल खन्ना संग हाथों में हाथ डालकर घूमते दिखे अक्षय कुमार
Entertainment

‘हर दिन तुम पर फिदा हो जाता हूं’, ट्विंकल खन्ना संग हाथों में हाथ डालकर घूमते दिखे अक्षय कुमार

'I fall in love with you every day', Akshay Kumar seen walking hand in hand with Twinkle Khanna

6 अप्रैल । फिल्मी दुनिया में जहां रिश्ते अक्सर चर्चा और सुर्खियों में बने रहते हैं, वहीं कुछ जोड़ियां ऐसी भी होती हैं जो अपने सादगी भरे और मजबूत रिश्ते से लोगों का दिल जीत लेती हैं। ऐसी ही एक जोड़ी है अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना की, रविवार को अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर एक प्यारा सा वीडियो साझा किया। इस वीडियो में उनके रिश्ते की मस्ती और दोस्ती भी साफ दिखाई देती है।

अक्षय कुमार द्वारा साझा किया गया यह वीडियो उनकी मालदीव ट्रिप की पुरानी यादों से जुड़ा हुआ है। इस वीडियो में दोनों एक खूबसूरत जगह पर साथ चलते हुए नजर आते हैं, जहां चारों ओर साफ नीला पानी और शांत माहौल दिखाई दे रहा है। दोनों हाथ में हाथ डाले चलते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ अक्षय कुमार ने मजाकिया अंदाज में लिखा, ”मैं हर दिन अपनी पत्नी पर फिदा हो जाता हूं, लेकिन कभी-कभी कोहनी लदने के बाद।”

वीडियो में एक खास पल ऐसा भी देखने को मिलता है, जब चलते-चलते ट्विंकल खन्ना अचानक मजाक में अक्षय कुमार को हल्की सी कोहनी मार देती हैं। इस पर अक्षय एकदम चौंक जाते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि कुछ समय पहले ट्विंकल खन्ना ने भी अपनी इसी ट्रिप की एक याद साझा की थी। उन्होंने बताया था कि उनकी छुट्टियों के दौरान अक्षय कुमार ने गलती से उनकी पसंदीदा टोपी समुद्र में गिरा दी थी।

अगर इस जोड़ी की बात करें, तो अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना की शादी साल 2001 में हुई थी लेकिन उनकी लव स्टोरी बेहद दिलचस्प है। दोनों की पहली मुलाकात एक मैगजीन फोटोशूट के दौरान हुई थी, जहां अक्षय कुमार पहली नजर में ही ट्विंकल को पसंद करने लगे थे। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। फिल्म ‘इंटरनेशनल खिलाड़ी’ की शूटिंग के दौरान दोनों और करीब आए और अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया।

जब अक्षय ने ट्विंकल को शादी का प्रपोजल दिया, तब वह आमिर खान के साथ ‘मेला’ फिल्म की शूटिंग कर रही थीं। प्रपोजल पर ट्विंकल ने अक्षय कुमार से कहा कि अगर उनकी यह फिल्म हिट हुई तो वह शादी नहीं करेंगी। इत्तेफाक रहा कि ‘मेला’ फिल्म सिनेमाघरों में आने के बाद फ्लॉप हो गई और ट्विंकल ने अक्षय कुमार से शादी के लिए हामी भर दी।

Exit mobile version