April 30, 2026
National

आईसीएसई-आईएससी बोर्ड परिणाम घोषित, 10वीं में 99.18 और 12वीं में 99.13 प्रतिशत छात्रों ने मारी बाजी

ICSE-ISC board results declared, 99.18 per cent students passed in class 10 and 99.13 per cent in class 12

30 अप्रैल । काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने गुरुवार को आईसीएसई (10वीं) और आईएससी (12वीं) की बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया। सीआईएससीई ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं के नतीजे अपने आधिकारिक वेबसाइटों के अलावा डिजि लॉकर, एसएमएस और उमंग ऐप पर भी जारी किए हैं।

जो छात्र-छात्राएं इन परीक्षाओं में शामिल हुए थे वे अब अपना यूनिक यूआईडी, इंडेक्स नंबर और कैप्चा कोड डालकर परिणाम चेक करने के साथ स्कोरकार्ड भी डाउनलोड कर सकते हैं।

इस वर्ष 10वीं और 12वीं दोनों क्लास के स्टूडेंट्स ने बोर्ड में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। दोनों ही कक्षाओं का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 99 फीसदी से ज्यादा रहा है। आईसीएसई (10वीं) में कुल 99.18 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए। इनमें लड़कियों का पासिंग प्रतिशत 99.46 और लड़कों का 98.93 फीसदी दर्ज किया गया। वहीं, आईएससी (12वीं) में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 99.13 दर्ज किया गया, जिसमें 99.48 प्रतिशत लड़कियां और 98.81 फीसदी लड़के पास हुए। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों की कक्षाओं में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है।

इस वर्ष सीआईएससीई द्वारा आयोजित दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं में 4 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे, जिसमें आईसीएसई (10वीं) में लगभग 1.5 लाख और आईएससी (12वीं) में लगभग 2.6 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। सीआईएससीई ने आईसीएसई (हाईस्कूल) की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 30 मार्च तक और आईएससी (इंटरमीडिएट) की परीक्षाएं 12 फरवरी से 6 अप्रैल तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की थीं।

आईसीएसई-आईएससी बोर्ड परिणाम चेक करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सीआईएससीई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद अपनी कक्षा अनुसार दिए गए रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें। फिर लॉगिन क्रेडेंशियल दर्ज कर सबमिट कर दें। इसके बाद परिणाम आपके स्क्रीन पर खुल जाएगा। रिजल्ट को चेक करने के बाद स्कोर कार्ड डाउनलोड कर लें।

Leave feedback about this

  • Service