मुंबई, रिकी पोटिंग की कोचिंग वाली पंजाब किंग्स आईपीएल में सभी विपक्षी टीमों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है। आईपीएल 2025 का फाइनल खेलने वाली पंजाब ने आईपीएल 2026 की शुरुआत भी उसी अंदाज में की है और अब तक अपराजेय है। गुरुवार को पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को उसके घरेलू मैदान वानखेड़े में 7 विकेट से हराया।
मुंबई इंडियंस पर जीत के बाद पंजाब किंग्स अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। दमदार जीत और सीजन में टीम के शानदार प्रदर्शन पर पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने कहा कि वह एक कोच के तौर पर खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं और चुनौती देते हैं, लेकिन उन पर नियंत्रण नहीं करते।
पोंटिंग ने जियोस्टार पर कहा, “मेरे लिए, यह सही माहौल बनाने से शुरू होता है, जहां हर खिलाड़ी को लगे कि उसे अहमियत दी जा रही है और वह एक ही पेज पर है। एक कोच के तौर पर, मैं उनका समर्थन करने और चुनौती देने के लिए हूं, उन पर नियंत्रण करने के लिए नहीं हूं। जब वे असफल होते हैं, तब भी उन्हें यह जानना होगा कि यह खेल का हिस्सा है। टी20 क्रिकेट में, आपको किसी भी दिन आगे बढ़ने के लिए बस कुछ ही खिलाड़ियों की जरूरत होती है।”
उन्होंने कहा कि नीलामी के दौरान भी हमारी यही रणनीति थी। हमारा लक्ष्य स्पष्ट भूमिकाओं के साथ एक मजबूत ग्रुप बनाने पर था। जब खिलाड़ियों के मन में दूसरे के प्रति सहयोग की भावना रहती है, तो नतीजे अच्छे होते हैं।
मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के मैच पर नजर डालें तो पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। क्विंटन डिकॉक के 60 गेंदों पर बनाए नाबाद 112 रन की मदद से मुंबई ने 6 विकेट पर 195 रन बनाए थे।
पंजाब किंग्स ने प्रभसिमरन सिंह के 39 गेंदों पर नाबाद 80 और कप्तान श्रेयस अय्यर के 35 गेंदों पर 66 रनों की बदौलत 16.3 ओवर में 3 विकेट पर 198 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीता।
पंजाब सीजन के 5 मैचों में 4 जीत चुकी है। एक मैच बारिश की वजह से धुल गया था।


Leave feedback about this