April 23, 2026
Entertainment

सपनों की दुनिया बुन रहे हैं इम्तियाज, ‘मैं वापस आऊंगा’ के सेट से सामने आया खास वीडियो

Imtiaz is weaving a world of dreams, a special video has surfaced from the sets of ‘I Will Come Back’.

23 अप्रैल । फिल्मों में आत्म-खोज, सफर और भावनाओं की जटिलताओं को पिरोने के लिए मशहूर फिल्ममेकर इम्तियाज अली एक बार फिर दर्शकों के लिए फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ लेकर आ रहे हैं। यह फिल्म भारत के विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित है।

हाल ही में फिल्म का नया गाना ‘क्या कमाल है’ रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों से काफी सराहना मिल रही है। इस बीच, अभिनेत्री शरवरी वाघ ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर गाने का ‘बिहाइंड द सीन्स’ वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में फिल्म के सेट की झलक और निर्माण प्रक्रिया को दिखाया गया है।

शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि निर्देशक इम्तियाज अली वेदांग और शरवरी को सीन की बारीकियां समझाते नजर आ रहे हैं। उनका यह अंदाज हमेशा से कलाकारों को किरदार की रूह से जोड़ने का काम करता है। वीडियो में वह गाने को बोलों के पीछे छिपी भावनाओं की गहराई को स्पष्ट कर रहे हैं, ताकि दोनों कलाकार पर्दे पर उन जज्बातों को जीवंत कर सकें।

शरवरी ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “हम सपनों की इस दुनिया को एक-एक फ्रेम के साथ बुन रहे हैं। गाना ‘क्या कमाल है’ पहले ही आपके बीच आ चुका है और इसे बनाना हमारे लिए एक जादुई अनुभव रहा।”

सॉन्ग ‘क्या कमाल है’ दिलजीत दोसांझ ने गाया है, जबकि गीत के बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं और संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। गाने को दर्शकों की तरफ बहुत प्यार मिल रहा है।

इम्तियाज की कहानियों में अक्सर प्रेम अधूरा रहकर भी रुहानी तौर पर पूर्ण होता है और यह फिल्म भी इसी ‘अधूरेपन में पूर्णता’ की थीम को दर्शाएगी।

फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ केवल एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि उस दौर का आईना है, जब सरहदें खिंच रही थीं और दिल टूट रहे थे। फिल्म में वेदांग रैना और शरवरी की केमिस्ट्री पहली बार बड़े पर्दे पर दिखेगी। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी यह फिल्म मानवीय संवेदनाओं, जुदाई के दर्द और फिर से मिलने की उम्मीद पर केंद्रित है। फिल्म का संगीत और इसकी ऐतिहासिक सेटिंग इसे इस साल की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में से एक बनाती है।

Leave feedback about this

  • Service