भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उनका अभिनंदन किया।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संघर्ष, संकल्प और सेवा की यात्रा ने जनसेवा को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2014 के बाद गरीब, युवा, किसान और नारी शक्ति के लिए चलाई गई योजनाओं से बदलाव आया तथा कोरोना संकट के दौरान टीकाकरण और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास, विरासत, सुरक्षा और भारत के सम्मान को नई दिशा मिली, ताकि विकसित भारत का संकल्प साकार हो।
नितिन नवीन ने कहा कि आज का दिन हम सभी भारतवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए अविस्मरणीय है। यह दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की उस यात्रा का साक्षी बनने का अवसर है, जो संघर्षों के बीच शुरू हुई और जिसने हर चुनौती का सामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ने का काम किया। उनकी तप, साधना और संकल्प ने जनसेवा को ही उनके जीवन का ध्येय बनाया। उनके लिए जनसेवा ही राष्ट्रसेवा का मार्ग बनी और इसी संकल्प के साथ वे राजनीति में सत्ता को सेवा का माध्यम बनाते हुए राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे। ऐसे हम सबके प्रधानमंत्री और इस देश के प्रधान सेवक का मैं बहुत-बहुत अभिनंदन और बधाई देता हूं।
उन्होंने कहा कि मैं सर्वप्रथम प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की अनवरत, अविचल और अथक सेवा एवं समर्पण की यात्रा के लिए 140 करोड़ देशवासियों और भारतीय जनता पार्टी के लाखों-लाख कार्यकर्ताओं की ओर से हार्दिक बधाई, अभिनंदन और शुभकामनाएं देता हूं। देश के सभी जिलों से लोग आज प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की इस यात्रा के साक्षी बन रहे हैं। भारत की 140 करोड़ जनता आज अपने प्रिय नेता को आशीर्वाद दे रही है और उनके यशस्वी जीवन के लिए शुभकामनाएं दे रही है, ताकि वे विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाएं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन 25 वर्षों में दीपक की तरह स्वयं को जलाकर, अपने परिश्रम और समर्पण से 140 करोड़ देशवासियों के जीवन में विकास, आत्मविश्वास और स्वाभिमान का उजाला फैलाने का निरंतर प्रयास किया है। आज इस ऐतिहासिक अवसर पर मैं उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूं और उनके दीर्घ एवं यशस्वी सार्वजनिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देता हूं। देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने अपनी किताब में 2014 के चुनाव को ‘टेक्टॉनिक शिफ्ट’ के रूप में कहा था। उन्होंने इसे भारतीय राजनीति का एक बड़ा बदलाव बताया था।
उनके अनुसार, पीएम मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें जनता के सामने एक घोषित उम्मीदवार के रूप में पेश किया गया और बाद में उन्हें जनता का अपार जनसमर्थन मिला तथा वे देश के पहले चुने हुए घोषित प्रधानमंत्री के रूप में आए। उससे पहले कई चुनाव हुए। चाहे जनता ने किसी पार्टी को समर्थन दिया हो या गठबंधन को वोट दिया हो, चुनाव के बाद प्रधानमंत्री का नाम तय होता था। 2014 में पहली बार ऐसा हुआ कि राष्ट्रीय चुनाव में प्रधानमंत्री का चेहरा केवल पार्टी का चेहरा नहीं रहा।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को सीधे जनता के सामने चुनाव के प्रमुख चेहरे के रूप में पेश किया गया और देश की जनता ने उन्हें जनादेश देकर प्रधानमंत्री बनाया। अगर हम इतिहास के पन्नों को देखें तो जवाहरलाल नेहरू को आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री बनने से पहले कांग्रेस के नेताओं ने चुना। इंदिरा गांधी को भी कांग्रेस के नेताओं ने पहली बार चुनकर प्रधानमंत्री बनाया। वहीं, राजीव गांधी अपनी माता के दिवंगत होने के बाद पहली बार प्रधानमंत्री बने और बाद में जनादेश लेकर आए, लेकिन पीएम मोदी किसी राजनीतिक परिवार या विरासत के साथ नहीं आए। उन्होंने केवल अपने सार्वजनिक जीवन, संगठनात्मक अनुभव और जनता के जनादेश के आधार पर देश का प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त किया।
नितिन नवीन ने कहा कि आज के इस अवसर पर हम उन माताओं-बहनों, लखपति दीदियों, किसान भाइयों, खिलाड़ियों, गरीब परिवारों और देश के युवाओं की ओर से प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन और आभार व्यक्त करते हैं, जिनके जीवन में प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों ने सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने माताओं-बहनों के लिए शौचालय निर्माण से लेकर उज्ज्वला योजना तक की व्यवस्था की और उनकी सुरक्षा एवं स्वाभिमान सुनिश्चित करने का काम किया। 3 करोड़ लखपति दीदियों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्होंने महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल कायम की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केवल वूमेन डेवलपमेंट की बात नहीं की, बल्कि वूमेन-लेड डेवलपमेंट की बात की है और अब 33 प्रतिशत महिलाओं को मिलने वाले आरक्षण से उनकी राजनीतिक भागीदारी भी सुनिश्चित होगी। 11 करोड़ से अधिक किसान भाइयों के लिए किसान सम्मान योजना के माध्यम से उनका सम्मान और कल्याण सुनिश्चित किया गया। कृषि को केवल एक विभाग तक सीमित न रखते हुए किसान कल्याण को भी प्राथमिकता दी गई और किसानों के प्रति देश के नेतृत्व की सोच को प्रदर्शित किया गया। ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से खिलाड़ियों को नए अवसर दिए गए, जिसके परिणामस्वरूप आज हमारे खिलाड़ी भारत का नाम रोशन कर रहे हैं और नए-नए कीर्तिमान बना रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से 4 करोड़ गरीब परिवारों को उनके सपनों का घर और सिर पर छत देने का काम किया गया।
नितिन नवीन ने कहा कि कोरोना जैसी आपदा के समय, जब पूरी दुनिया ठहर-सी गई थी, तब प्रधानमंत्री मोदी ने करोड़ों भारतवासियों के बेटे और भाई की तरह उनकी चिंता की। निःशुल्क वैक्सीन से लेकर 80 करोड़ लोगों के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माध्यम से खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की गई, जिससे देश इस अस्थिरता और आपदा की घड़ी से बाहर निकल पाया। प्रधानमंत्री मोदी ने 2013-14 में निराशा और नाउम्मीदी के माहौल से गुजर रहे देश के युवाओं में आशा और उम्मीद की नई किरण जगाई।
उन्होंने कहा कि आज देश में ढाई लाख से अधिक स्टार्टअप और 125 से अधिक यूनिकॉर्न इस बदलाव के साक्षी हैं। युवा अब केवल जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब गिवर बनकर देश के विकास में अपना योगदान दे रहा है। इन सभी वर्गों की ओर से हम यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हैं। हम उस कल्पना का भी अभिनंदन करते हैं, जिसने देश को नई सोच और नई दिशा दी। इस देश ने विभाजनकारी राजनीति का एक बड़ा दौर देखा है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति को केंद्र में रखकर सरकार की योजनाएं बनाने और उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि जनसंघ कालखंड से लेकर भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं की ओर से हम प्रधानमंत्री मोदी का अभिवादन करते हैं। हमारे प्रेरणा पुरुष दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के विचार, श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की कल्पना और श्रद्धेय अटल जी की सुशासन की व्यवस्था को प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी पारदर्शिता के साथ देश के अंतिम व्यक्ति के विकास की योजनाओं से जोड़ा है। चाहे डायरेक्ट ट्रांसफर स्कीम हो या 370 की समाप्ति का विषय, प्रधानमंत्री मोदी ने देश को सम्मान और एकता का भाव दिया है, जिससे आज 140 करोड़ देशवासी एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विकास के साथ-साथ देशवासियों को अपनी विरासत पर गर्व करने का अवसर भी मिला है। चाहे काशी विश्वनाथ का कॉरिडोर हो, महाकाल का कॉरिडोर हो या अयोध्या का भव्य श्रीराम मंदिर, इन माध्यमों से हमारी आस्था और विरासत को नई पहचान मिली है। सोमनाथ के पवित्र मंदिर को भी हम याद करते हैं। केवल इमारतें और इंफ्रास्ट्रक्चर ही नहीं बनाए गए, बल्कि आस्था के केंद्रों को भी फिर से सृजित किया गया है। सेवा तीर्थ, अमर शहीदों और सैनिकों को समर्पित नेशनल वॉर मेमोरियल तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के माध्यम से देश की विरासत पर गर्व करने का सभी को अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि हम आज उन परिवारों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करते हैं, जिन्हें आयुष्मान भारत से जोड़ा गया है। 60 करोड़ परिवार आज स्वास्थ्य बीमा का लाभ ले रहे हैं। हम उन वीर सैनिकों की ओर से भी यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी को नमन करते हैं, जिनके साथ उन्होंने केवल दीपावली और होली नहीं मनाई, बल्कि उनके मनोबल को बढ़ाने और उनके सीने को चौड़ा करने का काम किया है। एक समय था, जब इस देश में सैनिकों के सिर काट लिए जाते थे और दिल्ली में बैठी सरकार मौन रहती थी। लेकिन आज आपने स्पष्ट संदेश दिया है कि यह नया भारत है, जो अपनी सुरक्षा और स्वाभिमान के प्रति दृढ़ता से खड़ा है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर इसी दृढ़ संकल्प के प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हमारी सेना को हमारी शान बताया है और इस भावना को प्रदर्शित किया है।
नितिन नवीन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय पटल पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को 35 से अधिक देशों ने अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है। यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री मोदी का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का है और भारत के बढ़ते महत्व का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को नई सोच और नई दिशा मिली है। हमारी संस्कृति और विरासत के ऐसे कई आयाम सामने आए हैं, जो हम सभी को गर्व कराते हैं। चाहे योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने की बात हो या भारतीय संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता, प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोगों में अपनी संस्कृति और विरासत के प्रति नई सोच विकसित की है। सीमाओं पर स्थित गांवों को, जिन्हें पहले अंतिम गांव कहा जाता था, नई पहचान मिली है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन्हें भारत के प्रथम गांव बताया है, जो देश की सुरक्षा और स्वाभिमान की पहली कड़ी हैं। हम प्रधानमंत्री मोदी की इस सोच को नमन करते हैं। जब किसी व्यक्ति की सोच और दृष्टि 140 करोड़ लोगों का संकल्प बन जाती है, तो वह एक सामूहिक स्वप्न बन जाता है। जो आधुनिक भारत के शिल्पकार हैं, वही विकसित भारत 2047 के सूत्रधार हैं। इस संकल्प को पूरा करने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की शक्ति और देश के लोगों की शक्ति की सप्तधारा का रोडमैप दिया है।
नितिन नवीन ने कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की यात्रा, संघर्ष से संकल्प तक, संकल्प से सिद्धि तक और जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक की यात्रा को नमन करते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से देश को विकसित भारत का जो संकल्प मिल रहा है, उसके साथ भारत निरंतर आगे बढ़ेगा और विकास के साथ-साथ अपनी विरासत को भी आगे बढ़ाएगा। 21वीं सदी का भारत निश्चित रूप से विश्व की अगुवाई करेगा और प्रधानमंत्री मोदी उसका नेतृत्व करेंगे। आज देशभर के सभी जिलों से हमारे कार्यकर्ता और लोग जुड़े हैं। हम उनकी ओर से प्रधानमंत्री मोदी का अभिवादन करते हुए आग्रह करते हैं कि देश को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करने की इस यात्रा में हम सभी मिलकर विकसित भारत के सपने को साकार करें।


Leave feedback about this