5 मई । पुणे के नसरापुर में बच्ची से रेप और हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब जिले के दौंड तालुका के देउलगांव राजे गांव में एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
यहां एक पिता ने अपनी ही 9 साल की नाबालिग बेटी की हत्या कर दी। आरोपी नेबच्ची पर लकड़ी काटने वाली मशीन से हमला किया। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए उसने शव को कपड़ों में लपेटकर घर में आग लगा दी।
घटना हनुमान बस्ती, काले वस्ती इलाके में हुई। आरोपी शांताराम दुर्योधन चव्हाण (33) ने अपनी बेटी पर शक किया कि उसने भाई की स्कूल मार्कशीट में कुछ बदलाव किए हैं। इसी शक के चलते वह इतना गुस्सा हो गया कि उसने बच्ची की जान ले ली। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने बच्ची की हत्या के बाद शव को छिपाने और नष्ट करने के इरादे से घर में आग लगा दी।
इस मामले में एक महिला चिंगू शिंदबाद भोसले पर घटना को छुपाने और मदद करने का आरोप है।
दौंड पुलिस स्टेशन में इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी शांताराम चव्हाण को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सुनील उगले कर रहे हैं।
इस घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में आक्रोश और शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसी घटना सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। एक छोटी सी बच्ची को अपने ही पिता के हाथों इस तरह मौत का शिकार बनना बेहद दुखद है। लोग न्याय की मांग कर रहे हैं और जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की अपील कर रहे हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस 2023) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। इन धाराओं में हत्या, सबूत नष्ट करना और अन्य अपराध शामिल हैं।
पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा कर रही है। आग लगाने के कारण घर को काफी नुकसान पहुंचा है। आसपास के लोगों ने बताया कि उन्होंने धुएं और आग की लपटें देखीं तो तुरंत मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।


Leave feedback about this