June 24, 2026
National

देवरिया में जीवनसंगिनी बनी कातिल, भाई-भतीजे के साथ मिलकर पति की कर दी हत्या

In Deoria, a wife became a murderer and killed her husband along with her brother and nephew.

26 मई । सात फेरों में लिए गए वचन को भूलकर पत्नी खुद अपने पति का कातिल बन गई। पैसों के लालच ने एक पत्नी को इतना अंधा कर दिया कि उसने अपने भाई और भतीजे के साथ मिलकर अपने ही जीवनसाथी को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला।

देवरिया जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर कला गांव में पति-पत्नी के रिश्ते पर खून का दाग लग गया है। 40 वर्षीय मुकेश सिंह की अपनी पत्नी और उसके रिश्तेदारों द्वारा लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। पूरे गांव में इस घटना से मातम का माहौल है और लोग इस जघन्य वारदात से स्तब्ध हैं।

बताया जाता है कि मुकेश सिंह ने कुछ समय पहले सड़क किनारे स्थित अपनी कीमती जमीन बेची थी। जमीन बेचने से प्राप्त पैसों को लेकर घर में पिछले कई दिनों से तीखा विवाद चल रहा था। मुकेश ने उसी पैसे से एक ई-रिक्शा भी खरीदा था, लेकिन पत्नी संगम देवी इस रकम पर अपना हक जताती रही। विवाद इतना बढ़ गया कि बीती रात यह घरेलू झगड़ा हत्या तक पहुंच गया।

आरोप है कि पत्नी संगम देवी ने अपने भाई जयप्रकाश सिंह और बहन के बेटे आदित्य सिंह को गांव बुलाया। तीनों ने मिलकर मुकेश सिंह को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। पीटने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी मुकेश को पीटते हुए नजर आ रहे हैं।

घायल मुकेश सिंह को इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें देवरिया जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना स्थल पर मौजूद मृतक के भाई अवधेश सिंह ने बताया कि जमीन बेचने के बाद पूरा पैसा उनकी पत्नी ने ले लिया था। ई-रिक्शा खरीदने के बाद भी उस पर कब्जा कर लिया गया था। पैसों को लेकर लगातार हो रहे विवाद के कारण यह घटना हुई।

सूचना मिलते ही बरियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पत्नी संगम देवी, उसके भाई जयप्रकाश सिंह और भतीजे आदित्य सिंह को हिरासत में ले लिया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार ने बताया कि मुकेश सिंह को घरेलू विवाद में पत्नी और उसके रिश्तेदारों ने लाठी-डंडों से पीटा। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हमने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service