May 19, 2026
Entertainment

भारत में एक्टर्स को अपने ही लोग बुरी तरह ट्रोल करते हैं, यह शर्मनाक है : अमीषा पटेल

In India, actors are brutally trolled by their own people, it’s shameful: Ameesha Patel

अभिनेत्री अमीषा पटेल एक्टिंग के साथ ही कई मुद्दों पर भी खुलकर अपनी राय रखती नजर आती हैं। इसी कड़ी में उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों के ट्रोलिंग कल्चर पर तीखा हमला बोला। अमीषा का कहना है कि भारत में एक्टर्स को अपने ही लोग हॉलीवुड सितारों से ज्यादा बुरी तरह ट्रोल करते हैं, जो बेहद दुखद और शर्मनाक है।

अमीषा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारतीय मानसिकता अब दूसरों को नीचे गिराने वाली हो गई है। अमीषा ने बड़े इवेंट्स में सितारों के लुक और पहनावे को लेकर फैल रही नकारात्मकता पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे “दुखद” और “शर्मनाक” बताया। अमीषा ने लिखा, “भारत में एक्टर्स को अपने ही लोग, हॉलीवुड सितारों की तुलना में उनके अपने देश में ज्यादा बुरी तरह ट्रोल करते हैं, जो बहुत दुख की बात है।”

हालांकि, ये कोई पहली बार नहीं है, जब अमीषा पटेल खुलकर अपनी बात रखती नजर आईं। इससे पहले वह एक्टर्स के पीआर गेम को लेकर पहले भी सुर्खियों में रह चुकी हैं। उन्होंने हाल ही में अपने एक्स पोस्ट पर कहा कि वे अपने बयान पर पूरी तरह कायम हैं। दरअसल, मुंबई में पैपराजी से बात करते हुए अमीषा ने कहा था, “सही तो कहा मैंने। आजकल सभी अपने आप को नंबर वन समझते हैं।”

अमीषा ने एक्स पोस्ट पर यंग एक्टर्स पर तंज कसते हुए लिखा था कि जिन्होंने अभी तक कोई 200 करोड़ क्लब की फिल्म नहीं दी है, वे पीआर टीम को पैसे देकर खुद को नंबर 1 और नंबर 2 बता रही हैं। अमीषा ने साफ कहा, “खुद को सुपरस्टार तभी कहो, जब तुमने कोई ऐसा काम किया हो जो इतिहास रच दे। पीआर के खेल खेलना बंद करो। यह कड़वी सच्चाई है।”

उन्होंने लिखा कि कोई भी एक्टर ग्लोबल सुपरस्टार तभी बनता है, जब वह दुनिया भर में बड़ी हिट फिल्में दे। अमीषा ने अपनी उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मैंने ‘कहो ना प्यार है’, ‘गदर 1’ और ‘गदर 2’ जैसी तीन सबसे बड़ी सोलो ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। आज भी ये मेरे को-स्टार्स की सबसे बड़ी हिट फिल्में हैं। लेकिन मेरी पीआर मशीनरी फर्जी नहीं है, इसलिए कमजोर है।”

Leave feedback about this

  • Service