June 15, 2026
National

भाजपा राज में सुरक्षा, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव के क्षेत्र में भारत ने स्थापित किए नए मानक: डिप्टी सीएम विजय शर्मा

India has set new benchmarks in the areas of security, good governance, and national pride under BJP rule: Deputy CM Vijay Sharma

केंद्र की एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को दुर्ग स्थित सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और राष्ट्रीय गौरव के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रमुख नेताओं में शामिल हो गए हैं। मोदी सरकार ने देश निर्माण, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण, राष्ट्रीय स्वाभिमान को मजबूत करने तथा आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पीआरडी जवानों के पास पर्याप्त हथियार नहीं होते थे। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से चर्चा की थी, जिसके बाद एक महीने के भीतर आवश्यक हथियारों और संसाधनों की आपूर्ति शुरू हो गई। जवानों को आधुनिक तकनीक और बेहतर उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे सुरक्षा बलों की कार्यक्षमता बढ़ी है।

प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में सुशासन स्थापित हुआ है। जो भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार किसी भी मामले में संकोच नहीं करेगी और कानून के अनुसार कदम उठाएगी।

स्वच्छ भारत मिशन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर में लगभग 12 करोड़ व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा 2.5 करोड़ से अधिक सामुदायिक शौचालय भी बनाए गए हैं। सरकार ने स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में संभावित भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि वे स्वयं को भाजपा का एक साधारण और अनुशासित कार्यकर्ता मानते हैं। संगठन उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपेगा, उसका वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में अपने संगठन को मजबूत किया है और यदि ऐसा नहीं हुआ होता तो वहां की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियां और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती थीं।

Leave feedback about this

  • Service