June 27, 2026
National

भारत-यूके एफटीए 15 जुलाई से होगा लागू , कारोबारियों की मदद के लिए 1,000 सलाहकार नियुक्त होंगे : पीयूष गोयल

India-UK FTA to come into effect from July 15; 1,000 consultants to be appointed to assist businesses: Piyush Goyal

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को बताया कि भारत-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) का पूरा फायदा कारोबारियों तक पहुंचाने के लिए पूरे देश में 1,000 सलाहकार नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही, व्यापार से जुड़े ऑनलाइन पोर्टल को भी बेहतर बनाया जाएगा। यह समझौता 15 जुलाई से लागू होगा और इससे हर साल भारत और ब्रिटेन के बीच लगभग 25.5 बिलियन पाउंड का अतिरिक्त कारोबार होने की उम्मीद है।

कॉमर्स मिनिस्ट्री के एक बयान के अनुसार, शुक्रवार को लंदन में आयोजित 10वें वार्षिक यूके-इंडिया वीक के दौरान पीयूष गोयल ने कई अहम बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि भारत-यूके कॉम्प्रिहेन्सिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (सीईटीए) के लागू होने से दोनों देशों के लिए कई नए मौके खुलेंगे।

इंडिया ग्लोबल फोरम (आईजीएफ) कैपिटल फ्रंटियर्स फोरम को संबोधित करते हुए मंत्री गोयल ने कहा कि भारत और ब्रिटेन की साझेदारी अब सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं है। अब दोनों देश टेक्नोलॉजी, सॉवरेन एआई, महत्वपूर्ण खनिज, रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के आर्थिक रिश्ते और मजबूत हुए हैं।

भारत के उच्चायोग और एफआईसीसीआई की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्री गोयल ने ब्रिटेन आए भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि यह अब तक का सबसे बड़ा और सबसे अलग-अलग राज्यों से आया भारतीय व्यापारिक दल है। इसमें टियर-2 और टियर-3 शहरों की कई कंपनियां और पहली बार निर्यात करने वाले कारोबारी भी शामिल हैं।

मंत्री गोयल ने कहा कि इस समझौते से ब्रिटेन में काम करने वाले योग्य भारतीय पेशेवरों को बड़ा फायदा मिलेगा। उन्हें पांच साल तक सोशल सिक्योरिटी में योगदान देने से छूट मिलेगी। इससे बचाई गई रकम वे भारत में अपने टैक्स-फ्री और ब्याज मिलने वाले भविष्य निधि (पीएफ) खाते में जमा कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि भारत और ब्रिटेन के अलग-अलग राज्यों और शहरों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाना बहुत जरूरी है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने बर्मिंघम-गुजरात और मैनचेस्टर-महाराष्ट्र जैसी साझेदारियों का ज‍िक्र किया और कहा कि ये भविष्य में दोनों देशों के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।

मंत्री गोयल ने कहा कि भारत इस समय दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कारोबारियों से कहा कि वे पूरे भरोसे के साथ ‘ब्रांड इंडिया’ को दुनिया के सामने पेश करें, देश की मैन्युफैक्चरिंग, सेवाओं और नवाचार की ताकत का फायदा उठाएं और ब्रिटेन की कंपनियों के साथ लंबे समय तक चलने वाली साझेदारियां बनाएं।

उन्होंने कहा कि भारत-यूके सीईटीए से भारतीय कंपनियों को नए बाजारों तक बेहतर पहुंच मिलेगी, उनकी प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, पेशेवरों की आवाजाही आसान होगी और सामान, सेवाओं और निवेश के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे।

मंत्री गोयल ने कहा कि आज भारत भरोसे, प्रतिभा, सबको साथ लेकर चलने वाले विकास और स्थिर माहौल की पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया भर के देशों और कंपनियों के साथ मिलकर काम करने के लिए शानदार अवसर देता है। उन्होंने कारोबारियों से अपील की कि वे भारत की लगातार बढ़ती अर्थव्यवस्था और दुनिया में बढ़ती भूमिका से मिलने वाले अवसरों का पूरा लाभ उठाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत और ब्रिटेन की साझेदारी में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने भारतीय कारोबारियों से कहा कि वे शुरुआत से ही इन मौकों का फायदा उठाएं, अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को अपनाएं, दुनियाभर में ‘ब्रांड इंडिया’ को मजबूत करें और ब्रिटेन के साथ व्यापार और निवेश के रिश्तों को और मजबूत बनाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय उद्योग देश के लंबे समय के आर्थिक विकास के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave feedback about this

  • Service