N1Live National जकार्ता में भारतीय समुदाय ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से किया स्वागत, संबोधन को बताया गर्व और प्रेरणा का क्षण
National

जकार्ता में भारतीय समुदाय ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से किया स्वागत, संबोधन को बताया गर्व और प्रेरणा का क्षण

Indian community in Jakarta accorded a warm welcome to PM Modi; described the address as a moment of pride and inspiration.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे को लेकर जकार्ता में बसे भारतीय समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला। भारतीय मूल के लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन और उनसे मुलाकात को गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और विकास की दिशा में उठाए जा रहे कदम प्रवासी भारतीयों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं।

जकार्ता कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें संबोधित किया और भारत की विकास यात्रा, दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों तथा भविष्य के सहयोग पर अपने विचार साझा किए।इंडोनेशिया में रह रहे एक भारतीय ने कहा, “यह हमारे लिए बेहद सम्मान और गर्व का अवसर है। ऐसे पल बार-बार नहीं आते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लिए जिस तरह काम कर रहे हैं और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए नई पहल कर रहे हैं, उसे देखकर खुशी होती है।”

राजस्थान मूल के एक प्रवासी भारतीय ने कहा, “मैं भारत के राजस्थान से हूं और मेरे लिए यह बेहद गर्व की बात है कि हमारे देश के प्रधानमंत्री हम सबसे मिलने इंडोनेशिया आए हैं। उनसे मिलना और उनका संबोधन सुनना एक यादगार अनुभव रहा।” एक अन्य भारतीय ने कहा, “आज हमें यहां आकर प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने भारत में हो रहे विकास कार्यों और देश की प्रगति के बारे में विस्तार से बताया। इससे हमें यह जानने का मौका मिला कि भारत किस दिशा में आगे बढ़ रहा है।”

एक प्रवासी भारतीय ने प्रधानमंत्री के भाषण की सराहना करते हुए कहा, “मैं उनके संबोधन से बहुत प्रभावित हुआ। उन्हें स्पष्ट रूप से पता है कि देश को किस दिशा में ले जाना है। हमें उन पर गर्व है और हम खुश हैं कि वे हमारे प्रधानमंत्री हैं। हमें उम्मीद है कि वे लंबे समय तक देश का नेतृत्व करते रहेंगे।”

पिछले 35 वर्षों से इंडोनेशिया में रह रहे भारतीय मूल के एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और कार्यशैली से उन्हें लगातार प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि भारत की अंतरराष्ट्रीय पहचान पहले की तुलना में और मजबूत हुई है, जिसका सकारात्मक प्रभाव विदेशों में रहने वाले भारतीयों पर भी दिखाई देता है।

वहीं, अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने वर्ष 2025 के भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान कहा था कि “उनमें भारतीय डीएनए है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि इस एक वाक्य ने करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों की असली ताकत साझा इतिहास, आपसी विश्वास और समान सभ्यतागत विरासत में निहित है।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद भारतीय समुदाय के लोगों ने भारत-इंडोनेशिया संबंधों के और मजबूत होने की उम्मीद जताई और कहा कि दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक सहयोग भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

Exit mobile version