May 19, 2024
Sports

सफल एशियाई खेलों के बाद भारतीय पुरुष, महिला हॉकी टीमों का हुआ जोरदार स्वागत

नई दिल्ली, भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमें 19वें एशियाई खेल 2022 में सफल अभियान के बाद हांगझोऊ से भारत लौटीं और सोमवार देर रात इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौजूद हॉकी प्रशंसकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया।

हांगझोऊ में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक जीता और भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता। इस सफल एशियाई खेलो के बाद जब दोनों टीमें देश की राजधानी पहुंची तो एयरपोर्ट पर उनका स्वागत फैंस ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ किया।

इतना ही नहीं जब हॉकी इंडिया के अधिकारियों ने टीमों को मिठाइयां और मालाएं दीं तो भावुक हॉकी प्रशंसकों ने हॉकी सितारों के साथ कुछ ऐसा किया जिससे खिलाड़ी भी खुशी से झूम उठे। प्रशंसकों ने इस खुशी के मौके को और यादगार बनाने के लिए टीमों के प्रति अपना समर्थन जताने के लिए डांस भी किया।

स्वर्ण विजेता पुरुष टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा, “यहां प्रशंसकों की भीड़ देखकर हमें पेरिस ओलंपिक-2024 की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा मिलती है। हमारे पास समय है, हम उन क्षेत्रों पर काम करेंगे जहां हमें सुधार करने की जरूरत है और हम ओलंपिक को सफल बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे।”

हवाईअड्डे पर एकत्र लोगों में हॉकी खिलाड़ियों के परिवार के सदस्य भी शामिल थे। हॉकी खिलाड़ियों ने भी गर्मजोशी भरे माहौल का आनंद लिया और देश में एक बार फिर खेल की बढ़ती सराहना को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक का 9 साल का इंतजार खत्म कर दिया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में भारत ने फाइनल में जापान को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता और 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए अपना स्थान पक्का किया। एशियाई खेलों में पुरुष फील्ड हॉकी में यह भारत का चौथा स्वर्ण पदक था। भारत ने इससे पहले 1966, 1998 और 2014 में स्वर्ण पदक जीता था।

इस बीच, भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी हांगझोऊ में कांस्य पदक और पोडियम स्थान हासिल किया और एशियन कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट में अपना 7वां पदक जीता।

भारतीय महिला हॉकी टीम ने फैंस का आभार व्यक्त किया और कहा कि टीम आने वाले वर्ष में बेहतर प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित है।

Leave feedback about this

  • Service