July 7, 2026
National

दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आंख-मिचौली जारी, आज भी येलो अलर्ट; हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के आसार

Intermittent cloud cover continues in Delhi-NCR; ‘Yellow Alert’ in place for today as well; light to moderate rain and strong winds expected.

दिल्ली-एनसीआर में मानसून की सक्रियता अभी भी कमजोर बनी हुई है। आसमान में लगातार बादलों की आवाजाही तो हो रही है, लेकिन अधिकांश इलाकों में बादल केवल झलक दिखाकर आगे बढ़ जा रहे हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की जा रही है, जबकि लोगों को अब भी झमाझम बारिश का इंतजार है।

बारिश की कमी के कारण उमस और गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। दिन में धूप निकलते ही चिपचिपी गर्मी परेशान कर रही है और हवा में नमी बढ़ने से असहजता महसूस की जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 7 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने दिनभर आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 70 से 85 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है, जिसके चलते उमस बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार सुबह से लेकर पूर्वाह्न तक बहुत हल्की से हल्की तथा हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है। शाम और रात के समय भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

आईएमडी के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक 8 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने की संभावना है। इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। हालांकि किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। 9 जुलाई को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा। अधिकतम तापमान 33 डिग्री, न्यूनतम 23 डिग्री रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने थंडरस्टॉर्म के साथ बारिश की संभावना जताई है और इस दिन भी कोई अतिरिक्त चेतावनी जारी नहीं की गई है। 10 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। इसके बाद 11 जुलाई को बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार इस दिन आमतौर पर बादल छाए रहेंगे।

अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं 12 जुलाई को भी आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान बढ़कर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है। इसलिए अगले कुछ दिनों तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।

Leave feedback about this

  • Service