9 मार्च । हर साल 8 मार्च को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं है बल्कि यह उन महिलाओं को याद करने और सम्मान देने का अवसर भी है, जिन्होंने अपने साहस, मेहनत और सपनों से समाज में बदलाव लाया। समय के साथ सिनेमा भी समाज का आईना बनता गया है। खासकर बॉलीवुड में पिछले कुछ वर्षों में ऐसी कई फिल्में बनी हैं, जिनमें असली जिंदगी की महिलाओं की कहानियों को बड़े पर्दे पर दिखाया गया। इन कहानियों ने दर्शकों को भावुक भी किया और प्रेरित भी। कई अभिनेत्रियों ने इन फिल्मों में ऐसे किरदार निभाए, जिन्होंने असली महिलाओं के संघर्ष और हिम्मत को जीवंत कर दिया।
विद्या बालन- ऐसी ही एक चर्चित फिल्म है ‘द डर्टी पिक्चर’, जिसमें विद्या बालन ने दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री सिल्क स्मिता से प्रेरित किरदार निभाया था। इस फिल्म में एक ऐसी महिला की कहानी दिखाई गई जो समाज की आलोचना और मुश्किलों के बावजूद अपने दम पर फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बनाती है। विद्या बालन के साहसी और दमदार अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके अलावा उन्होंने फिल्म ‘शकुंतला देवी’ में प्रसिद्ध गणितज्ञ शकुंतला देवी का किरदार निभाया, जिन्हें ह्यूमन कंप्यूटर कहा जाता था। इस फिल्म में दिखाया गया कि कैसे एक साधारण परिवार से आई महिला अपनी प्रतिभा के दम पर दुनियाभर में मशहूर हो जाती है।
प्रियंका चोपड़ा जोनस- खेल जगत की प्रेरणादायक कहानी पर बनी फिल्म ‘मैरी कॉम’ भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रही। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा ने ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर मैरी कॉम की भूमिका निभाई। फिल्म में यह दिखाया गया कि मणिपुर के एक छोटे से गांव की लड़की किस तरह कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और हिम्मत से विश्व स्तर की खिलाड़ी बनती है।
आलिया भट्ट- आलिया भट्ट ने भी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित दो फिल्मों में यादगार अभिनय किया। फिल्म ‘राजी’ में उन्होंने एक भारतीय जासूस का किरदार निभाया, जो देश के लिए साल 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध केदौरान एकन पाकिस्तानी सैन्य परिवार में शादी कर लेती है। वहीं ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में उन्होंने गंगूबाई की कहानी को पर्दे पर जीवंत किया। यह कहानी मुंबई के कमाठीपुरा इलाके से जुड़ी उस महिला की है, जिसने बाद में महिलाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठाई और समाज में बदलाव लाने की कोशिश की।
जान्हवी कपूर- नई पीढ़ी की अभिनेत्रियों ने भी ऐसी प्रेरणादायक कहानियों को पर्दे पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। फिल्म ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ में जान्हवी कपूर ने भारतीय वायुसेना की पायलट गुंजन सक्सेना का किरदार निभाया। फिल्म में दिखाया गया कि कैसे गुंजन सक्सेना ने समाज की सोच और कई चुनौतियों का सामना करते हुए कारगिल युद्ध के दौरान उड़ान भरी और देश के लिए साहस का उदाहरण बनीं।
सोनम कपूर- बहादुरी की मिसाल बनी एयर होस्टेस की कहानी फिल्म ‘नीरजा’ में दिखाई गई। इस फिल्म में सोनम कपूर ने नीरजा भनोट का किरदार निभाया, जिन्होंने एक विमान अपहरण के दौरान यात्रियों की जान बचाने के लिए अपनी जान तक कुर्बान कर दी थी। उनकी यह बहादुरी आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


Leave feedback about this