June 24, 2026
World

होर्मुज स्ट्रेट में दक्षिण कोरियाई जहाज पर हमले की जांच पूरी, जल्द जारी होगी र‍िपोर्ट

Investigation into attack on South Korean ship in Strait of Hormuz complete, report to be released soon

 

सोल,, दक्षिण कोरिया हाल ही में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक दक्षिण कोरियाई जहाज पर हुए हमले की जांच के नतीजों का ऐलान करने वाला है। मामले की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया इस पर एक प्रेस ब्रीफिंग भी की जाएगी।

 

योनहाप न्यूज एजेंसी के अनुसार, चार मई को दक्षिण कोरिया की बड़ी शिपिंग कंपनी एचएमएम सीओ. की ओर से संचालित जहाज ‘एचएमएम नामू’ पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे होने के दौरान ‘दो अज्ञात हवाई वस्तुओं’ ने हमला किया था। उस समय अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चल रहा था।

इसके बाद सरकार की जांच टीम ने उन वस्तुओं से मिले इंजन के मलबे का गहराई से विश्लेषण किया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हमला किस तरह का था और इसके पीछे कौन जिम्मेदार था।

विदेश मंत्रालय ने पत्रकारों को भेजे गए संदेश में कहा, “एचएमएम नामू घटना की जांच के नतीजों पर शाम पांच बजे प्रेस ब्रीफिंग की जाएगी।”

मंत्रालय ने बताया पहले उप विदेश मंत्री पार्क यून-जू इस ब्रीफिंग का नेतृत्व करेंगे। इसमें रक्षा मंत्रालय और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी भी शामिल होंगे। हमले के कारण जहाज पर विस्फोट और आग लग गई थी, जिसमें 24 क्रू मेंबर्स में से एक को मामूली चोट आई थी।

काफी समय से यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस हमले में एंटी-शिप मिसाइल या ड्रोन का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। सूत्रों का कहना है कि एंटी-शिप मिसाइल इस्तेमाल होने की संभावना ज्यादा लगती है।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या मंत्रालय आधिकारिक तौर पर हमले के जिम्मेदार पक्ष का नाम लेगा या नहीं।

इस महीने की शुरुआत में विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पत्रकारों से कहा था कि इस हमले के पीछे किसी गैर-ईरानी पक्ष के होने की संभावना बहुत कम लगती है। हालांकि, सरकार अब तक किसी पर सीधे आरोप लगाने में सावधानी बरत रही है।

हमले के तुरंत बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान ने एचएमएम जहाज और कुछ अन्य लक्ष्यों पर फायरिंग की थी। सियोल स्थित ईरानी दूतावास ने साफ कहा कि ईरान इस घटना में अपनी सेना की किसी भी भूमिका से ‘पूरी तरह और सख्ती से इनकार’ करता है।

बाद में जब दक्षिण कोरिया ने शुरुआती जांच रिपोर्ट जारी करते हुए कहा कि जहाज पर हुआ विस्फोट और आग अंदरूनी खराबी नहीं बल्कि बाहरी हमले की वजह से हुई थी, तब ईरान की तरफ से कोई नया बयान जारी नहीं किया गया।

 

Leave feedback about this

  • Service