April 20, 2026
Sports

आईपीएल 2026: आरसीबी के सामने हार का क्रम तोड़ना डीसी के लिए चुनौती, हेड-टू-हेड में बेंगलुरु आगे

IPL 2026: DC faces challenge to break losing streak against RCB, Bengaluru ahead in head-to-head

 

बेंगलुरु, आईपीएल 2026 का 26वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 3:30 बजे से खेला जाएगा।

 

 

आरसीबी सीजन के 5 मैचों में 4 जीत के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है। टीम ने पिछले 2 मैच जीते हैं और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होम ग्राउंड में होने वाले मुकाबले में अपनी जीत की लय को बरकरार रखने के उद्देश्य से उतरेगी।

 

आरसीबी की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों मजबूत नजर आई है। बल्लेबाजी में विराट कोहली, रजत पाटीदार, टिम डेविड और देवदत्त पड्डिकल ने निरंतरता दिखाई है, जबकि सॉल्ट, शेफर्ड और अय्यर ने कई अच्छी पारियां खेली हैं। वहीं गेंदबाजी में क्रुणाल पांड्या, सुयश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम और जोश हेजलवुड ने प्रभावित किया है।

 

डीसी के खिलाफ जीत हासिल कर आरसीबी अंकतालिका में पहला स्थान हासिल करना चाहेगी।

 

दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो टीम ने सीजन के शुरुआती 2 मैच जीते थे, लेकिन उसके बाद टीम को लगातार 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। आरसीबी के खिलाफ डीसी अपनी हार का सिलसिला तोड़ने की कोशिश करेगी।

 

डीसी के लिए आरसीबी को उसके घर में रोकना बिल्कुल भी आसान नहीं होने वाला है। इसके लिए टीम को गेंदबाजी और बल्लेबाजी के साथ ही क्षेत्ररक्षण में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। डीसी को इस मैच में केएल राहुल, मिलर, और स्टब्स से प्रभावी पारी और मुकेश कुमार, एंगिडी, नटराजन, और कुलदीप यादव से बेहतरीन गेंदबाजी की उम्मीद रहेगी। कप्तान अक्षर पटेल को भी गेंद और बल्ले से अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

 

मैच के दौरान बेंगलुरु में मौसम साफ और नमी वाला रहने की उम्मीद है। मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है।

 

बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल मानी जाती है। सीजन में अब तक यहां खेले गए तीनों मैच हाई-स्कोरिंग रहे हैं। आरसीबी अपने घर में तीनों ही मैचों में अपराजेय रही है।

 

आरसीबी और डीसी के बीच अब तक 33 मुकाबले खेले गए हैं। आरसीबी का पलड़ा भारी रहा है। टीम ने 20 मैचों में जीत दर्ज की है। डीसी ने 12 मैच जीते हैं। एक मैच का परिणाम नहीं आया है।

 

पीएके

Leave feedback about this

  • Service