N1Live Sports आईपीएल 2026: नूर अहमद का चला जादू, सीएसके ने केकेआर को 32 रनों से हराया
Sports

आईपीएल 2026: नूर अहमद का चला जादू, सीएसके ने केकेआर को 32 रनों से हराया

IPL 2026: Noor Ahmed's magic works as CSK beat KKR by 32 runs

 

चेन्नई, आईपीएल- 2026′ के 22वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने मंगलवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 32 रनों से हराया। एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में सीएसके से मिले 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की टीम 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 160 रन ही बना सकी। यह केकेआर की इस सीजन के पांचवें मैच में चौथी हार है।

193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल एलन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सुनील नरेन अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे, और वह 17 गेंदों में 24 रन बनाकर खलील अहमद की गेंद पर गुरजपनीत सिंह को कैच देकर पवेलियन लौटे।

कप्तान अजिंक्य रहाणे 22 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। अंगकृष रघुवंशी भी 19 गेंदों, 3 चौकों और एक छक्के लगाने के बाद 27 रन बनाकर आउट हुए। रिंकू सिंह ने एक बार फिर अपने प्रदर्शन से निराश किया, और वह 12 गेंदों का सामना करने के बाद 6 रन बनाकर आउट हुए।

बल्लेबाजी क्रम में नीचे भेजे गए कैमरून ग्रीन अपना खाता तक नहीं खोल सके और नूर अहमद की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। अंत के ओवरों में रोवमैन पॉवेल और रमनदीप सिंह ने 40 गेंदों में 63 रनों की साझेदारी निभाई, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।

रमनदीप ने 23 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए। वहीं, पॉवेल 31 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में सीएसके की ओर से नूर अहमद ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं, अंशुल कंबोज ने 32 रन देकर 2 विकेट निकाले।

इससे पहले, चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 192 रन लगाए। सीएसके की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ महज 7 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आयुष म्हात्रे और संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 47 रनों की अहम साझेदारी निभाई। आयुष 17 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, संजू सैमसन 32 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्के लगाने के बाद कार्तिक त्यागी का शिकार बने। डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंदों में 41 रनों का योगदान दिया, जबकि सरफराज खान ने 23 रन बनाए।

शिवम दुबे 13 और ओवरटन 7 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में केकेआर की तरफ से कार्तिक त्यागी ने 2, जबकि वैभव, नरेन और अनुकूल रॉय ने एक-एक विकेट चटकाया। चेन्नई सुपर किंग्स की यह इस सीजन की दूसरी जीत है।

 

Exit mobile version