April 28, 2026
Sports

आईपीएल 2026: डीसी के खिलाफ सिर्फ 6.3 ओवरों में जीत, आरसीबी के नाम दर्ज हुआ ये रिकॉर्ड

IPL 2026: RCB registers record win against DC in just 6.3 overs

 

नई दिल्ली,, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने सोमवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 39वें मैच को 9 विकेट से जीता। महज 76 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी आरसीबी ने 6.3 ओवरों में जीत दर्ज की। इसी के साथ आरसीबी आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक गेंदें शेष रहते मुकाबला जीतने के मामले में ‘नंबर-2’ टीम बन गई है।

आरसीबी ने यह मैच 81 गेंदें शेष रहते अपने नाम किया। इस मामले में मुंबई इंडियंस (एमआई) शीर्ष पर है, जिसने साल 2008 में कोलकाता नाइट राडइर्स (केकेआर) के विरुद्ध 68 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 87 गेंदें शेष रहते मुकाबला अपने नाम किया था।

इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स 16.3 ओवरों में महज 75 रन पर सिमट गई। यह डीसी का आईपीएल में तीसरा न्यूनतम स्कोर रहा। यह टीम साल 2017 में एमआई के खिलाफ महज 66 रन पर ढेर हो चुकी है। साल 2017 में किंग्स इलेवन पंजाब ने डीसी को महज 67 रन पर समेट दिया था।

यह आरसीबी के खिलाफ किसी विपक्षी टीम का तीसरा न्यूनतम ऑलआउट स्कोर था। साल 2009 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की टीम आरसीबी के विरुद्ध महज 58 रन पर सिमट गई थी। साल 2023 में आरआर सिर्फ 59 रन पर ढेर हुई थी।

इस मुकाबले के साथ आरसीबी किसी एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक आईपीएल मैच जीतने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। आरसीबी ने डीसी के विरुद्ध 21वां आईपीएल मैच जीता है। इस मामले में उसने चेन्नई सुपर किंग्स बनाम आरसीबी (21 जीत), केकेआर बनाम पंजाब किंग्स (21 जीत), एमआई बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (21 जीत), एमआई बनाम डीसी (21 जीत) और चेन्नई सुपर किंग्स बनाम केकेआर (21 जीत) की बराबरी कर ली है। इस लिस्ट में एमआई शीर्ष पर है, जिसने केकेआर के विरुद्ध 25 मैच जीते हैं।

अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी डीसी महज 8 रन तक अपने 6 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से अभिषेक पोरेल (30) और डेविड मिलर (19) ने जैसे-तैसे टीम को 75 रन तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से जोश हेजलवुड ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट हासिल किए।

इसके जवाब में आरसीबी ने 6.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। देवदत्त पड्डिकल 13 गेंदों में 34 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि विराट कोहली ने 15 गेंदों में 23 रन की नाबाद पारी खेली।

 

Leave feedback about this

  • Service