N1Live Sports आईपीएल 2026: आरआर ने 40 रन से एलएसजी को हराया, जडेजा-आर्चर जीत के हीरो
Sports

आईपीएल 2026: आरआर ने 40 रन से एलएसजी को हराया, जडेजा-आर्चर जीत के हीरो

IPL 2026: RR beat LSG by 40 runs, Jadeja-Archer the heroes of the victory

 

लखनऊ, राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 32वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के विरुद्ध 40 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के बाद आरआर आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है, जबकि लगातार चौथा मुकाबला गंवाकर एलएसजी 9वें स्थान पर मौजूद है।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 6 विकेट खोकर 159 रन बनाए। इस टीम को 32 के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल (22) के रूप में पहला झटका लगा। इसी स्कोर पर टीम ने ध्रुव जुरेल (0) और वैभव सूर्यवंशी (8) के विकेट भी खो दिए।

इसके बाद कप्तान रियान पराग (20) ने शिमरोन हेटमायर (22) के साथ चौथे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी की। रवींद्र जडेजा ने डोनोवन फरेरा (20) के साथ छठे विकेट के लिए 33 रन, जबकि शुभम दुबे के साथ सातवें विकेट के लिए 49 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 159/6 के स्कोर तक पहुंचाया।

जडेजा 29 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 43 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शुभम दुबे ने 11 गेंदों में 19 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने 2-2 विकेट हासिल किए।

इसके जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स 18 ओवरों में महज 119 रन पर सिमट गई। इस टीम ने सिर्फ 11 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने निकोलस पूरन के साथ चौथे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की।

निकोलस 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद मिचेल मार्श ने हिम्मत सिंह के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 रन जुटाकर टीम को 91 के स्कोर तक पहुंचाया। मार्श 41 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 55 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि हिम्मत सिंह ने 15 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। तीन बल्लेबाजों के अलावा, कोई अन्य खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।

विपक्षी खेमे से जोफ्रा आर्चर ने महज 20 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि नंद्रे बर्गर और ब्रजेश शर्मा को 2-2 सफलताएं हाथ लगीं। रवींद्र जडेजा और रवि बिश्नोई ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

 

Exit mobile version