May 12, 2026
National

आईआरसीटीसी भर्ती अलर्ट: हॉस्पिटैलिटी मॉनिटर के 49 पदों पर वैकेंसी, इस दिन वॉक-इन इंटरव्यू

IRCTC Recruitment Alert: 49 Hospitality Monitor Vacancies, Walk-in Interview on This Day

12 मई । भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी), पूर्वी क्षेत्र ने संविदा के आधार पर हॉस्पिटैलिटी मॉनिटर के कुल 49 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, मेडिकल फिटनेस, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 30,000 रुपए प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास संबंधित पद अनुसार राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं खानपान प्रौद्योगिकी परिषद/यूजीसी/एआईसीटीई/भारत सरकार से संबद्ध केंद्रीय या राज्य होटल प्रबंधन संस्थान (सीआईएचएम/एसआईएचएम/पीआईएचएम) से आतिथ्य एवं होटल प्रशासन में पूर्णकालिक बीएससी; या पर्यटन मंत्रालय के अधीन भारतीय पाक कला संस्थानों से बीबीए/एमबीए (पाक कला); या यूजीसी/एआईसीटीई/भारत सरकार/राज्य सरकार से संबद्ध सरकारी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों से होटल प्रबंधन एवं खानपान विज्ञान में बीएससी; या पर्यटन एवं होटल प्रबंधन में एमबीए की डिग्री होनी चाहिए।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 27 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

वॉक-इन इंटरव्यू 18, 19, और 20 मई को सुबह 10:30 बजे से शाम 04:30 बजे तक ‘आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय, 3, कोइलाघाट स्ट्रीट, ग्राउंड फ्लोर कोलकाता-700 001’ पते पर आयोजित किया जाएगा। ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स की मूल कॉपी के साथ उनके फोटो कॉपी, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, आदि को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और इंटरव्यू के दिन याद से केंद्र पर अपने साथ ले जाएं।

Leave feedback about this

  • Service