April 23, 2026
Entertainment

‘नीतीश कुमार की जगह लेना आसान नहीं’, सीएम सम्राट चौधरी को लेकर आम्रपाली दुबे ने दी प्रतिक्रिया

‘It’s not easy to replace Nitish Kumar’, Amrapali Dubey reacts to CM Samrat Chaudhary

23 अप्रैल । भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और बिहार के विकास को लेकर कई अहम बातें कही, जिनमें उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल की सराहना की। साथ ही उन्होंने नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी उम्मीद जताई कि वे बिहार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

आम्रपाली दुबे ने कहा, “नीतीश कुमार के कार्यकाल की चर्चा सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में होती है। उन्होंने खासतौर पर महिला शिक्षा और सशक्तीकरण के लिए कई कदम उठाए, जिन पर हमें गर्व है।”

इसके बाद उन्होंने बिहार की राजनीति पर बात करते हुए नीतीश कुमार के कामकाज की सराहना की। उन्होंने कहा, ”नीतीश कुमार ने लंबे समय तक बिहार की बागडोर संभाली और कई बड़े बदलाव किए। अब जब नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जिम्मेदारी मिली है, तो उन पर बड़ी चुनौती है। नीतीश कुमार की जगह लेना आसान नहीं है क्योंकि उन्होंने बिहार के विकास में बड़ा योगदान दिया है।”

आम्रपाली दुबे ने कहा, ”मुझे उम्मीद है कि सम्राट चौधरी अपनी जिम्मेदारी को अच्छे से निभाएंगे और बिहार को आगे ले जाएंगे। नीतीश कुमार ने भले ही मुख्यमंत्री पद छोड़ा हो, लेकिन उनका मार्गदर्शन आगे भी रहेगा। उनकी राय और अनुभव का फायदा नई सरकार को जरूर मिलेगा और यह सहयोग बिहार के विकास में मदद करेगा।”

आम्रपाली दुबे ने अपने फिल्मी करियर पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि उनकी आने वाली फिल्म ‘रोजा’ ट्रिपल तलाक जैसे संवेदनशील मुद्दे पर आधारित है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि उन्होंने हाल ही में एक ऐसी फिल्म पूरी की है, जिसकी शूटिंग मां वैष्णो देवी के मंदिर में की गई है और वह फिल्म भी जल्द दर्शकों के सामने आएगी।

आम्रपाली दुबे भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक मानी जाती हैं। उनकी जोड़ी अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के साथ काफी लोकप्रिय रही है। दोनों की कई फिल्में सुपरहिट साबित हुई हैं। उनकी हिट फिल्मों में ‘निरहुआ हिंदुस्तानी’, ‘पटना से पाकिस्तान’, ‘निरहुआ हिंदुस्तानी 2’, ‘निरहुआ चलल लंदन’, ‘शेर सिंह’, ‘आशिकी’, और ‘दुल्हन गंगा पार के’ जैसी फिल्में शामिल हैं।

आम्रपाली दुबे को कई फिल्म अवॉर्ड्स भी मिल चुके हैं, जिनमें भोजपुरी फिल्म अवॉर्ड्स और इंटरनेशनल भोजपुरी फिल्म अवॉर्ड्स शामिल हैं।

Leave feedback about this

  • Service