June 26, 2026
Entertainment

पुण्यतिथि पर यश जौहर को याद कर भावुक हुए जैकी श्रॉफ, कहा-हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे

Jackie Shroff gets emotional remembering Yash Johar on his death anniversary; says he will always remain in our hearts.

बॉलीवुड स्टार जैकी श्रॉफ ने 26 जून को दिग्गज फिल्म निर्माता यश जौहर की 22वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जैकी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दिवंगत निर्माता की एक तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “यश जौहर जी हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे (6 सितंबर 1929 – 26 जून 2004)।”

यश जौहर की बात करें तो वे हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित फिल्म निर्माताओं में से एक थे और 1976 में स्थापित धर्मा प्रोडक्शंस के संस्थापक थे। फिल्म निर्माता ने ‘दोस्ताना’ (1980), ‘अग्निपथ’ (1990), ‘गुमराह’ (1993), ‘डुप्लीकेट’ (1998), ‘कुछ कुछ होता है’ (1998), ‘कभी खुशी कभी गम…’ (2001) और ‘कल हो ना हो’ (2003) जैसी बॉलीवुड की कुछ सबसे प्रतिष्ठित फिल्में बनाई, जो आज भी लोगों के दिलों में एक अलग जगह रखती हैं।

बता दें कि यश जौहर का निधन 26 जून 2004 को 74 वर्ष की आयु में कैंसर से जूझते हुए हुआ था। उनके निधन के बाद, उनके बेटे करण जौहर ने धर्मा प्रोडक्शंस की बागडोर संभाली।

करण जौहर के नेतृत्व में धर्मा प्रोडक्शंस ने कई सफल फिल्में दीं, जिनमें ‘कभी अलविदा ना कहना’, ‘माई नेम इज खान’, ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’, ‘ये जवानी है दीवानी’, ‘2 स्टेट्स’, ‘ऐ दिल है मुश्किल’, ‘राजी’, ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और कई अन्य फिल्में शामिल हैं।

करण ने अपने पिता की विरासत को बहुत अच्छे से संभाला हुआ है। यही वजह है कि धर्मा प्रोडक्शंस को आज सबसे बेहतरीन प्रोडक्शंस हाउस में गिना जाता है। 2017 में, जब सरोगेसी के माध्यम से उनके जुड़वां बच्चे हुए, तो उन्होंने अपने बेटे का नाम अपने दिवंगत पिता के नाम पर यश रखा, जबकि अपनी बेटी का नाम रूही रखा, जो उनकी मां के नाम हीरू का एक संक्षिप्त रूप है।

जैकी श्रॉफ की बात करें तो, वह बॉलीवुड के इकलौते अभिनेता हैं जो मनोरंजन जगत की महत्वपूर्ण हस्तियों की जयंती, पुण्यतिथि जैसी किसी भी महत्वपूर्ण तारीख को कभी नहीं भूलते।

Leave feedback about this

  • Service