March 26, 2026
Entertainment

जैकी श्रॉफ ने किया नंदा और फारूक शेख को याद, पोस्ट में झलकी पुरानी यादें

Jackie Shroff remembers Nanda and Farooq Sheikh, nostalgia reflected in the post

26 मार्च । फिल्मी दुनिया में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जिनका काम हर पीढ़ी के दिलों में जगह बना लेता है। ऐसे कलाकारों की यादें अक्सर खास मौकों पर फिर से ताज़ा हो जाती हैं। इस कड़ी में अभिनेता जैकी श्रॉफ ने हिंदी सिनेमा के दो दिग्गज कलाकारों को खास अंदाज में याद किया। उन्होंने अभिनेत्री नंदा की पुण्यतिथि और फारूख शेख की जयंती के मौके पर पुरानी यादों की एक झलक इंस्टाग्राम पर साझा की।

जैकी श्रॉफ ने अभिनेत्री नंदा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें नंदा की कई पुरानी तस्वीरें शामिल थीं। इस वीडियो के साथ उन्होंने फिल्म ‘जब जब फूल खिले’ का मशहूर गाना ‘ये समा समा है प्यार का’ का इस्तेमाल किया। इस पोस्ट के साथ जैकी ने कैप्शन में लिखा, ‘नंदा को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहा हूं।’

बता दें कि नंदा का फिल्मी सफर करीब 30 साल तक चला और इस दौरान उन्होंने कई यादगार फिल्मों में काम किया। नंदा ने ‘परिणीता’, ‘प्रायश्चित’, ‘कौन कातिल’, ‘असलियत’, ‘नया नशा’, ‘छोटी बहन’, ‘हम दोनों’, ‘आहिस्ता आहिस्ता’, ‘प्रेमरोग’, ‘मजदूर’, ‘भाभी’ और ‘गुमनाम’ जैसी फिल्मों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनकी आखिरी फिल्म ‘मजदूर’ थी, जिसमें कई बड़े कलाकार नजर आए थे। साल 2014 में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था।

इसके बाद जैकी श्रॉफ ने अभिनेता फारूख शेख को भी उनके जन्मदिन पर याद किया। उन्होंने उनकी एक पुरानी तस्वीर साझा की, जिसमें वह अपने खास अंदाज में नजर आ रहे थे। इस तस्वीर के साथ उन्होंने फिल्म ‘बाजार’ का गाना ‘फिर छिड़ी रात’ का इस्तेमाल किया।

फारूक शेख हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में रहे हैं, जिन्होंने अपनी सादगी और शानदार अभिनय से एक अलग पहचान बनाई। फारूख शेख ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की और 1973 में ‘गर्म हवा’ से फिल्मों में कदम रखा। उन्होंने सत्यजीत रे, साई परांजपे और ऋषिकेश मुखर्जी जैसे दिग्गजों के साथ काम किया और ‘चश्मे बद्दूर’, ‘बाजार’ और ‘उमराव जान’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाई। टीवी और थिएटर में भी वह सक्रिय रहे और अपने सहज अभिनय के लिए जाने गए। 2013 में दुबई में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।

Leave feedback about this

  • Service